ताजमहल पर उमड़ा पर्यटकों का सैलाब: शनिवार को 45 हजार से ज्यादा सैलानियों ने किया दीदार, गेट पर लगी लंबी कतारें

Share

- Advertisement -

Agra News: आगरा स्थित ताजमहल का दीदार करने के लिए शनिवार को पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी। दिनभर में 45 हजार से अधिक सैलानी ताजमहल पहुंचे। दोपहर 12 बजे के बाद पूर्वी और पश्चिमी गेट पर प्रवेश के लिए लंबी कतारें लग गईं, जिससे पर्यटकों को आधे घंटे से भी ज्यादा समय तक इंतजार करना पड़ा।

दीपावली की छुट्टियों के बाद से ही ताजमहल पर पर्यटकों की संख्या में लगातार इजाफा देखने को मिल रहा है। शनिवार सुबह से ही भारतीय और विदेशी सैलानियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। भीड़ बढ़ने और लंबी लाइनों के कारण बच्चों, महिलाओं और बुजुर्ग पर्यटकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

बैग स्कैनर खराब होने से बढ़ी परेशानी

ताजमहल के पश्चिमी गेट पर बैग स्कैनर मशीन खराब होने के कारण सुरक्षाकर्मियों को पर्यटकों के बैग की मैनुअल जांच करनी पड़ी। इससे जांच प्रक्रिया धीमी हो गई और दोपहर 12 बजे के बाद टिकट स्कैनिंग व सुरक्षा जांच के लिए लगी लाइन नीम तिराहा तक पहुंच गई। पूर्वी गेट पर भी सुरक्षा जांच के लिए सैलानियों को लंबा इंतजार करना पड़ा। इसके अलावा, मुख्य मकबरे पर ऊपर जाने के लिए भी कतारें लगी रहीं।

शनिवार को ताजमहल पहुंचे पर्यटकों के आंकड़े

ताजमहल प्रशासन के अनुसार, शनिवार को टिकट खरीदकर ताजमहल देखने वाले पर्यटकों की कुल संख्या 32,631 रही। यदि इसमें 15 वर्ष तक की आयु के निशुल्क प्रवेश पाने वाले बच्चों की संख्या को भी जोड़ लिया जाए, तो दिनभर में करीब 45 हजार से अधिक पर्यटक ताजमहल पहुंचे।

  • भारतीय पर्यटक: 28,414
  • विदेशी पर्यटक: 4,217
  • कुल टिकट धारक पर्यटक: 32,631

भीड़ में बिछड़े 10 वर्षीय बच्चे को CISF ने परिवार से मिलाया

भारी भीड़ के बीच गुजरात के वड़ोदरा से परिवार के साथ ताजमहल देखने आए महफूज हसन का 10 वर्षीय बेटा मोहम्मद अली बिछड़ गया। महफूज हसन ने दोपहर 3:15 बजे केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) को बच्चे के गुम होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही सीआईएसएफ जवानों ने तलाश अभियान शुरू किया और महज 45 मिनट के भीतर बच्चे को रॉयल गेट के पास से सकुशल ढूंढकर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News