मुंबई में दो जगह भीषण आग, धारावी में सिलेंडर विस्फोट से दो बच्चों सहित चार झुलसे, लैमिंगटन रोड पर गोदाम खाक

Share

- Advertisement -

Mumbai News: मुंबई में शनिवार देर रात आग लगने के दो अलग-अलग मामले सामने आए। धारावी में एलपीजी सिलेंडर में आग लगने से दो बच्चों समेत चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए। वहीं, लैमिंगटन रोड पर एक मंजिला इमारत के गोदाम में लगी आग पर दमकल कर्मियों ने आठ घंटे में काबू पाया।

अधिकारियों के मुताबिक पहली घटना शनिवार आधी रात को सायन-धारावी लिंक रोड स्थित राजीव गांधी स्पोर्ट्स क्लब के पास हुई। यहां दो मंजिला रिहायशी इमारत के एक कमरे में रखे एलपीजी सिलेंडर में अचानक आग भड़क उठी। कमरे में आग फैलने से वहां मौजूद लोग उसकी चपेट में आ गए।

स्थानीय लोगों ने बुझाई आग, घायलों को सायन अस्पताल भेजा

नगर निकाय के एक अधिकारी ने बताया कि आग केवल सिलेंडर तक ही सीमित रही। दमकल टीम के पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों ने रात करीब 12 बजकर 10 मिनट पर आग पर काबू पा लिया। इस हादसे में 4 और 5 साल के दो बच्चे तथा 19 और 30 साल के दो युवक झुलसे हैं।

दमकल कर्मियों के आने से पहले ही पुलिस टीम ने घायलों को तुरंत सायन अस्पताल में भर्ती करा दिया। डॉक्टरों की टीम सभी घायलों का उपचार कर रही है। दोनों बच्चों समेत चारों की हालत पर नजर रखी जा रही है। शुरुआती जांच में सिलेंडर में अचानक आग लगने की बात सामने आई है।

लैमिंगटन रोड के गोदाम में भड़की आग, आठ घंटे बाद नियंत्रण

दूसरी घटना लैमिंगटन रोड इलाके की है। शनिवार रात करीब 11 बजकर 33 मिनट पर एक मंजिला सरस्वती भवन के भूतल पर बने गोदाम में भीषण आग लग गई। सूचना पर दमकल की कई गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। घनी बस्ती होने के कारण बचाव कार्य में काफी सतर्कता बरतनी पड़ी।

नगर निकाय अधिकारी ने बताया कि दमकल कर्मियों ने आठ घंटे से अधिक समय तक लगातार पानी की बौछारें कर आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई हताहत या घायल नहीं हुआ। कूलिंग ऑपरेशन पूरा होने के बाद अब आग के कारणों की जांच हो रही है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News