Kulgam News: दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में एक सड़क हादसे के दौरान ट्रक और सीआरपीएफ की बंकर गाड़ी में जोरदार टक्कर हो गई। यह दुर्घटना काजीगुंड के लेवदोरा इलाके में मंगलवार को हुई, जिसमें सीआरपीएफ के कम से कम पांच जवान घायल हो गए हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, लेवदोरा क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक (JK02DU-4386) ने सुरक्षाबलों की बंकर गाड़ी (JK02CG-5795) को टक्कर मार दी। इस भीषण भिड़ंत के तुरंत बाद सीआरपीएफ का बंकर वाहन सड़क पर पलट गया, जिससे गाड़ी में सवार जवानों को चोटें आईं।
घायल जवानों को प्राथमिक उपचार, पुलिस जांच में जुटी
हादसे के तुरंत बाद सभी पांचों घायल जवानों को काजीगुंड स्थित सीआरपीएफ की 163 बटालियन के एमआई रूम में भर्ती कराया गया। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि जवानों को मामूली चोटें आई हैं और वे खतरे से बाहर हैं।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया और हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए आधिकारिक जांच शुरू कर दी है।