Mandi News: मंडी जिले के पधर उपमंडल के एक प्राइमरी स्कूल में तैनात जेबीटी शिक्षक पर छात्राओं को गलत ढंग से छूने और दुर्व्यवहार करने का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर गहन जांच शुरू कर दी है।
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में पधर उपमंडल स्थित एक प्राथमिक विद्यालय से गुरु-शिष्य के रिश्ते को कलंकित करने वाला मामला सामने आया है। स्कूल में तैनात जेबीटी अध्यापक पर छात्राओं के साथ दुर्व्यवहार करने और उन्हें गलत तरीके से छूने के गंभीर आरोप लगे हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी शिक्षक के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट की धारा 10 और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 75 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता छात्राओं की सुरक्षा और निजता को ध्यान में रखते हुए स्कूल का नाम और छात्राओं की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी गई है।
प्रशिक्षण शिविर के दौरान सामने आई बात
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, संबंधित अध्यापक जब तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने के लिए स्कूल से बाहर था, तब कुछ छात्राओं ने स्कूल में प्रतिनियुक्ति पर आए एक अन्य अध्यापक के समक्ष अपनी आपबीती रखी। छात्राओं द्वारा बात साझा करने के बाद अभिभावकों ने तुरंत मामले की सूचना चाइल्ड हेल्पलाइन को दी।
शिकायत मिलते ही चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम बीते शुक्रवार को स्कूल पहुंची। वहां टीम ने छात्राओं और उनके अभिभावकों से बातचीत कर उनके बयान कलमबद्ध किए। इसके बाद मामला आधिकारिक तौर पर पुलिस के संज्ञान में लाया गया, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू हुई।
पुलिस ने शुरू की गहन पड़ताल
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए शनिवार को थाना प्रभारी अनिल कटोच स्वयं जांच के सिलसिले में स्कूल पहुंचे। पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर आरोपों से जुड़े विभिन्न पहलुओं और साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है। इसके साथ ही छात्राओं के बयानों और शिकायत के सभी बिंदुओं की गहराई से तफ्तीश की जा रही है।
डीएसपी लोकेंद्र सिंह नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है और पुलिस निष्पक्ष व गहनता से जांच कर रही है। आरोप है कि अध्यापक छात्राओं के निजी अंगों को छूता था। पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि कथित तौर पर यह सब किस मंशा से किया गया। डीएसपी ने स्पष्ट किया कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और मामले की गंभीरता के आधार पर आरोपी को हिरासत में लिया जाएगा।