Latehar News: प्रखंड कार्यालय परिसर में आजीविका संकुल स्तरीय प्राथमिक स्वावलंबी सहकारिता परिसर की वार्षिक आमसभा आयोजित की गई। सीएलएफ की अध्यक्ष राजेश्वरी देवी की अध्यक्षता में हुए इस कार्यक्रम का संचालन सोनी कुमारी ने किया। बैठक में ग्रामीण महिलाओं को आजीविका से जोड़कर आर्थिक रूप से मजबूत बनाने पर विशेष चर्चा हुई।
कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य चंचला देवी, प्रखंड प्रमुख पार्वती देवी, विधायक प्रतिनिधि पवन कुमार और नेहा साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके अलावा हेरहंज की मुखिया प्रीति कुजूर और सलैया की मुखिया रिंकू देवी ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। सभी ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
वार्षिक आमसभा में वित्तीय वर्ष 2025-26 के आय-व्यय का पूरा ब्योरा प्रस्तुत किया गया। इसके साथ ही आजीविका संकुल द्वारा किए गए कार्यों की समीक्षा की गई और आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए नई योजनाओं की रूपरेखा तय की गई। इसमें अधिक से अधिक महिलाओं को जोड़ने की योजना बनी।
अतिथियों ने महिलाओं को रोजगार और स्वरोजगार के साधनों से जुड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों के जरिए ही महिलाओं की आर्थिक स्थिति बेहतर की जा सकती है। इस दिशा में आजीविका संकुल लगातार प्रयासरत है ताकि ग्रामीण महिलाओं की आय बढ़ सके।
आमसभा के दौरान भारतीय स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक, झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) के कर्मी और आजीविका सखी मंडल से जुड़ी महिलाएं बड़ी संख्या में मौजूद रहीं। सभी ने मिलकर महिलाओं को स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम करने का संकल्प लिया।