Panchkula News: हरियाणा के पंचकूला स्थित सेक्टर-6 सिविल अस्पताल में 35 वर्षीय मरीज आशीष कुमार की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। लापरवाही के आरोप में पांच नर्सों और एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को निलंबित कर दिया गया है। इस कार्रवाई के विरोध में अस्पताल का नर्सिंग स्टाफ हड़ताल पर चला गया है, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है।
इलाज न मिलने से हुई थी मरीज की मौत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अस्पताल में 35 वर्षीय आशीष कुमार इलाज के लिए पहुंचे थे, जहां कथित तौर पर समय पर उपचार न मिलने के कारण उनकी तड़प-तड़प कर मौत हो गई थी। आरोप है कि अस्पताल में मरीज को तुरंत चिकित्सा सहायता नहीं मिल पाई। इस गंभीर घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सख्त कदम उठाते हुए ड्यूटी पर तैनात पांच नर्सिंग स्टाफ और एक क्लास-4 कर्मचारी को सस्पेंड कर दिया।
नर्सिंग स्टाफ ने कार्रवाई को बताया अनुचित, हड़ताल की चेतावनी
नर्सिंग स्टाफ की अध्यक्षा विनिता बांगड़ ने इस पूरी घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया, लेकिन साथ ही कार्रवाई को अनुचित ठहराया। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसमें नर्सों की कोई गलती नहीं है। यदि कोई मरीज अस्पताल आता है, तो कार्ड न होने पर भी उसका इलाज किया जाता है, लेकिन इस मरीज को रूम नंबर 601 में भेज दिया गया था।
विनिता बांगड़ ने कहा कि हार्ट मरीजों के लिए अस्पताल का प्रोटोकॉल भी गलत है और समय पर उपचार मिलना चाहिए। निलंबन के विरोध में नर्सिंग स्टाफ ने दो घंटे की सांकेतिक हड़ताल शुरू कर दी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई वापस नहीं ली गई, तो यह हड़ताल कल भी जारी रहेगी और परसों से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे, जिसका असर पूरे हरियाणा में देखने को मिलेगा।