Rohtak News: पीजीआई रोहतक के डॉक्टरों ने हरियाणा के जींद जिले के 41 वर्षीय राहुल का तीसरी बार सफल किडनी ट्रांसप्लांट किया है। संस्थान के इतिहास में पहली बार किसी मरीज की तीसरी बार किडनी बदली गई है। इससे पहले राहुल को उनकी मां और पत्नी किडनी दान कर चुकी हैं, जबकि इस बार छोटे भाई अजय ने किडनी देकर उनकी जान बचाई है।
पीजीआई रोहतक के डॉक्टरों ने हरियाणा के जींद जिले के रहने वाले 41 वर्षीय राहुल का तीसरी बार किडनी ट्रांसप्लांट कर एक नई उपलब्धि हासिल की है। संस्थान के इतिहास में यह पहला अवसर है, जब किसी मरीज का तीन बार किडनी ट्रांसप्लांट किया गया है। इससे पहले पीजीआई में अधिकतम दो बार ही किडनी ट्रांसप्लांट किए गए थे।
बुधवार को पीजीआई रोहतक के सर्जन डॉ. विवेक ठाकुर और डॉ. गौरव पांडे की टीम ने करीब छह घंटे तक चली सर्जरी के बाद यह सफल ऑपरेशन किया। इस बार राहुल को उनके छोटे भाई अजय ने अपनी किडनी दान की है। फिलहाल राहुल और अजय दोनों डॉक्टरों की निगरानी में हैं और स्वस्थ हैं।
साल 2007 में पहली बार मां ने दी थी किडनी
राहुल की पत्नी नीलम ने बताया कि वर्ष 2007 में उन दोनों की शादी हुई थी, तब राहुल की उम्र 22 वर्ष थी। विवाह के महज तीन महीने बाद ही राहुल की दोनों किडनियां अचानक खराब हो गईं। उस समय राहुल की मां सोना देवी ने अपनी किडनी दान कर बेटे की जान बचाई थी।
हालांकि, मां द्वारा दान की गई किडनी केवल छह से सात महीने तक ही काम कर पाई। इसके बाद राहुल को लगभग दो साल तक डायलिसिस पर रहना पड़ा।
पत्नी के बाद अब छोटे भाई ने दिया जीवनदान
पति की स्थिति को देखते हुए पत्नी नीलम ने किडनी दान करने का निर्णय लिया और वर्ष 2009 में राहुल का दूसरा किडनी ट्रांसप्लांट किया गया। इस ट्रांसप्लांट के बाद राहुल करीब 14 वर्षों तक स्वस्थ रहे और सामान्य जीवन जीते रहे।
वर्ष 2024 में पत्नी द्वारा दी गई किडनी भी खराब हो गई, जिसके बाद उन्हें फिर से डायलिसिस कराना पड़ा। हाल ही में जब राहुल की तबीयत अधिक बिगड़ने लगी, तो छोटे भाई अजय ने किडनी देने का फैसला किया। जानकारी के अनुसार, राहुल के पहले दोनों किडनी ट्रांसप्लांट मोहाली में हुए थे, जबकि तीसरा ट्रांसप्लांट पीजीआई रोहतक में संपन्न हुआ है।