जंतर-मंतर घटनाक्रम के बाद नायब सैनी की नई रणनीति, भाजपा कार्यकर्ताओं को दिया ‘जेन-जी’ से सीधे संवाद का मंत्र

Share

- Advertisement -

Chandigarh News: दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए घटनाक्रम के बाद हरियाणा भाजपा ने अपनी संगठनात्मक रणनीति में बड़ा बदलाव किया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पार्टी पदाधिकारियों को नई युवा पीढ़ी यानी ‘जेन-जी’ के साथ टकराव के बजाय संवाद और विश्वास का रास्ता अपनाने का निर्देश दिया है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कार्यकर्ताओं से स्पष्ट कहा है कि युवाओं को कोई भी जवाब देने से पहले उनकी पूरी बात को ध्यान से समझना बेहद जरूरी है। इसके लिए धैर्यपूर्वक उनकी बातें सुननी होंगी। सोशल मीडिया और डिजिटल दौर में नई पीढ़ी किसी भी मुद्दे पर बहुत तेजी से अपनी प्रतिक्रिया देती है।

नायब सैनी का स्पष्ट संदेश है कि युवाओं को सिर्फ वोट बैंक या समर्थक मानने के बजाय उन्हें संवाद का अहम साझेदार बनाया जाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को ‘पहले सुनो, फिर समझाओ’ का नया फॉर्मूला दिया है। इसके तहत बातचीत में 80 प्रतिशत समय युवाओं को सुनने और केवल 20 प्रतिशत समय अपनी बात रखने की सलाह दी गई है।

युवाओं के घरों तक पहुंचकर समझी जाएगी उनकी नब्ज

मुख्यमंत्री ने भाजपा पदाधिकारियों को युवाओं के घरों तक पहुंचने के निर्देश दिए हैं। हालांकि इस अभियान का उद्देश्य सिर्फ एकतरफा राजनीतिक प्रचार करना नहीं होगा। कार्यकर्ता घरों में जाकर सहज माहौल में युवाओं से रोजगार, शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, तकनीक और करियर को लेकर उनकी प्राथमिकताओं पर विस्तार से बातचीत करेंगे।

जंतर-मंतर के घटनाक्रम ने नई पीढ़ी के राजनीतिक व्यवहार को लेकर भाजपा के भीतर गंभीर चर्चा शुरू की है। इसी को देखते हुए मुख्यमंत्री ने संवेदनशील मुद्दों पर तीखी बहस से बचने की सलाह दी है। यदि किसी युवा की राय पार्टी से अलग है, तो पहले उसकी बात सुनकर सकारात्मक चर्चा की जाएगी।

नई प्रदेश टीम की युवा ऊर्जा बनेगी संवाद का आधार

भाजपा की नई प्रदेश टीम में 55 वर्ष से कम आयु के पदाधिकारियों की बहुलता है। मुख्यमंत्री का मानना है कि यह युवा टीम नई पीढ़ी की भाषा, सोच और प्राथमिकताओं को ज्यादा आसानी से समझ सकती है। इसके साथ ही वरिष्ठ नेताओं का अनुभव और युवा टीम की ऊर्जा मिलकर इस अभियान को सफल बनाएगी।

राजनीतिक कार्यकर्ताओं के अलावा शिक्षाविदों, डॉक्टरों, वकीलों और व्यापारियों को भी इस अभियान से जोड़ा जा रहा है। ये सभी अपने पेशेवर संपर्कों के जरिए युवाओं से संवाद करेंगे। सोशल मीडिया की बहस से इतर जमीनी स्तर पर आमने-सामने बातचीत बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है, जिसे जल्द ही बूथ स्तर तक लागू किया जाएगा।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News