Gurugram News: दिल्ली-एनसीआर में तेज बारिश के बाद गुरुग्राम की सड़कों पर भारी जलभराव और भीषण जाम लग गया है। गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने कॉर्पोरेट दफ्तरों को 25 अगस्त को वर्क फ्रॉम होम की सलाह दी है। इसके अलावा सभी स्कूलों को भी ऑनलाइन क्लास चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने जारी की वर्क फ्रॉम होम और स्कूलों के लिए एडवाइजरी
गुरुग्राम के डिप्टी कमिश्नर उत्तम सिंह ने सरकारी और निजी दोनों क्षेत्रों के संस्थानों के लिए नई एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन ने कंपनियों से घर से काम करने की व्यवस्था लागू करने की अपील की है। इसका मकसद सड़कों पर वाहनों का दबाव कम करना और लोगों को ट्रैफिक जाम की समस्या से बचाना है।
प्रशासन ने आम लोगों से बिना जरूरी काम घर से बाहर न निकलने की अपील की है। बारिश के कारण व्यस्त समय में सड़कों पर भीषण जाम लग गया, जिससे स्कूली बच्चों और दफ्तर जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानी हुई। अधिकारियों ने संस्थानों को ऑनलाइन मॉडल अपनाने की सलाह दी ताकि यातायात सुचारू रह सके।
सड़कों पर भरा पानी, मौसम विभाग का अलर्ट और उड़ानें प्रभावित
मूसलाधार बारिश के बाद दिल्ली और गुरुग्राम के कई प्रमुख इलाकों में पानी भर गया, जिससे गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और तेज बारिश का अनुमान जताया है।
खराब मौसम और कम दृश्यता के चलते विमान सेवाओं पर भी गंभीर असर पड़ा है। स्थिति को देखते हुए कम से कम 15 उड़ानों को नजदीकी हवाई अड्डों पर डायवर्ट किया गया। कई उड़ानों के समय में बदलाव करना पड़ा, जबकि कुछ उड़ानों को पूरी तरह रद्द करना पड़ा, जिससे यात्रियों को परेशानी हुई।