Hisar News: दीपावली के बाद बढ़ते वायु प्रदूषण और बदलते मौसम से हिसार में लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। इसे नियंत्रित करने के लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (पीसीबी) ने वायु प्रदूषण फैलाने वाली करीब 7 फैक्ट्रियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें बंद कर दिया है।
हर वर्ष दीपावली के बाद वातावरण में प्रदूषण बढ़ने और मौसम में बदलाव होने के कारण आम लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (पीसीबी) की ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में इस वर्ष पीसीबी ने वायु प्रदूषण के नियमों का उल्लंघन करने वाली लगभग 7 फैक्ट्रियों के खिलाफ कार्रवाई की है, जिसके चलते इन इकाइयों को बंद कर दिया गया है।
शहर का एक्यूआई मापने से अधिक दिखते हैं आंकड़े
हिसार जिले का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) केवल शहरी क्षेत्र का ही मापा जाता है। शहरी इलाके में प्रदूषण का स्तर अधिक होने के कारण पूरे जिले के एक्यूआई के आंकड़े बढ़े हुए दिखाई देते हैं। इसके अतिरिक्त, लगातार पराली जलने और प्रतिकूल मौसमी परिस्थितियों के कारण वातावरण में प्रदूषक तत्व लगातार जमा होते जा रहे हैं।
स्मॉग और बढ़ते प्रदूषण के पीछे यह हैं मुख्य कारण
सर्दियों के मौसम में जमीन के पास ठंडी हवा और उसके ऊपर गर्म हवा की परत बन जाती है। इस मौसमी स्थिति के कारण प्रदूषक कण ऊपर की ओर नहीं उठ पाते और जमीन की सतह के पास ही जमा रहते हैं। इसके साथ ही, हवा की गति धीमी होने के कारण इन प्रदूषकों का फैलाव नहीं हो पाता और वे कई दिनों तक वातावरण में बने रहते हैं।
इसके अलावा, पंजाब और आसपास के कृषि क्षेत्रों में पराली जलाने से उठने वाला धुआं भी हवाओं के माध्यम से हिसार तक पहुंचता है, जिससे क्षेत्र में स्मॉग की परत जमी रहती है। वातावरण में नमी होने के कारण वायुमंडल में मौजूद सूक्ष्म कणों का आकार बढ़ जाता है और द्वितीयक प्रदूषकों का निर्माण भी तेज हो जाता है, जिससे हवा की गुणवत्ता और अधिक खराब हो जाती है।