फरीदाबाद पुलिस ने सीईआईआर पोर्टल की मदद से बरामद किए 8 लाख रुपये से अधिक के 42 गुम मोबाइल, मालिकों को सौंपे

Share

- Advertisement -

Faridabad News: मोबाइल फोन गुम होने के बाद उसे वापस पाने की उम्मीद छोड़ चुके 42 लोगों के चेहरे उस समय खिल उठे, जब फरीदाबाद पुलिस ने उनके खोए हुए फोन बरामद कर उन्हें सौंप दिए। सेंट्रल जोन की साइबर सेल ने केंद्र सरकार के सीईआईआर (CEIR) पोर्टल और डिजिटल ट्रैकिंग की मदद से आठ लाख रुपये से अधिक कीमत के इन 42 मोबाइल फोन को खोज निकाला है।

फरीदाबाद पुलिस की साइबर सेल टीम ने केंद्र सरकार के सीईआईआर (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का गहन तकनीकी विश्लेषण कर यह सफलता हासिल की। टीम ने गुम हुए मोबाइल फोन के आईएमईआई (IMEI) नंबर, नेटवर्क संबंधी तकनीकी जानकारी और डिजिटल लोकेशन इनपुट के आधार पर उनकी पहचान की।

डीसीपी सेंट्रल राजेश मोहन ने मालिकों को सौंपे फोन

तकनीकी डेटा के आधार पर पहचान होने के बाद पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर इस्तेमाल किए जा रहे इन मोबाइल फोन को ट्रेस कर सुरक्षित बरामद किया। इसके पश्चात डीसीपी सेंट्रल राजेश मोहन ने अपने कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सभी 42 मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए।

लंबे समय से अपने मोबाइल फोन वापस मिलने की उम्मीद छोड़ चुके नागरिकों ने फोन वापस पाकर खुशी जाहिर की और इस त्वरित कार्रवाई के लिए फरीदाबाद पुलिस का आभार जताया। इस अवसर पर डीसीपी राजेश मोहन ने आम लोगों से अपील की कि मोबाइल फोन गुम या चोरी होने की स्थिति में बिना देरी किए तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराएं और सीईआईआर पोर्टल पर भी रिपोर्ट करें, ताकि समय रहते फोन को ट्रेस कर बरामद किया जा सके।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News