National News: केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (CCPA) ने ग्राहकों को गुमराह करने और ‘डार्क पैटर्न’ का उपयोग करने के मामले में ओला कैब्स (Ola Cabs) की मूल कंपनी एएनआई टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। प्राधिकरण ने कंपनी को ऐप से ऐसे सभी भ्रामक संदेश और इंटरफेस डिजाइन तुरंत हटाने के निर्देश दिए हैं, जो ग्राहकों पर अतिरिक्त किराया या टिप देने का मनोवैज्ञानिक दबाव बनाते हैं।
केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (CCPA) ने नियमों की अवहेलना करने पर एएनआई टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड (ANI Technologies Pvt. Ltd.) के खिलाफ यह सख्त कार्रवाई की है। कंपनी पर आरोप है कि वह अपने प्लेटफॉर्म के जरिए ग्राहकों को गुमराह कर रही थी और जल्दी राइड मिलने की उम्मीद में अतिरिक्त किराया देने के लिए उन पर दबाव बना रही थी।
डार्क पैटर्न और भ्रामक संदेश हटाने के निर्देश
प्राधिकरण ने कंपनी को जारी निर्देश में कहा है कि वह अपने ऐप से ऐसे सभी प्रॉम्प्ट, संदेश, इंटरफेस डिजाइन, पहले से तय रकम या किसी भी तरह के ‘डार्क पैटर्न’ को तुरंत हटा दे। आदेश के अनुसार, कंपनी को ऐसे सभी संदेश हटाने होंगे जो ग्राहकों को बुकिंग के समय दिखाए गए किराए के अलावा कोई अतिरिक्त राशि (चाहे उसे टिप, ऐड-ऑन, अतिरिक्त किराया या किसी अन्य नाम से दिखाया गया हो) देने के लिए उकसाते या मजबूर करते हैं। इसके साथ ही, ग्राहकों पर मनोवैज्ञानिक दबाव बनाने वाले सभी संदेशों को भी हटाने को कहा गया है।
मई 2025 की शिकायत पर हुई कार्रवाई
सीसीपीए ने यह कार्रवाई मई 2025 में प्राप्त एक शिकायत के आधार पर की है। इस शिकायत में आरोप लगाया गया था कि ओला का ऐप ग्राहकों को राइड बुक करने से पहले ही टिप देने के लिए उकसाता है। ऐप पर एक संदेश प्रदर्शित होता था, जिसमें लिखा था, “टिप देने से राइड जल्दी मिलने की संभावना बढ़ सकती है।”
ओला का पक्ष
इस मामले में अपना बचाव करते हुए ओला ने प्राधिकरण के सामने कहा कि वे ग्राहकों को केवल अपनी स्वेच्छा से ड्राइवर को इनाम (टिप) देने का विकल्प दे रहे थे। कंपनी का दावा था कि ग्राहकों द्वारा दी जाने वाली पूरी टिप सीधे ड्राइवर को ही मिलती थी। हालांकि, प्राधिकरण ने इसे उपभोक्ताओं के हितों के विरुद्ध और भ्रामक मानते हुए जुर्माने की कार्रवाई की है।