Delhi News: राजधानी दिल्ली और पूरे एनसीआर में गुरुवार को दिन भर बादल छाए रहने और रुक-रुक कर बारिश होने का अनुमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने आंधी-तूफान और बिजली कड़कने की चेतावनी दी है। बुधवार को हुई बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली और तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। दोपहर बाद और शाम के समय बारिश का एक नया दौर शुरू होने की संभावना है। रात के वक्त कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश हो सकती है। दिन का अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम 26 डिग्री रहेगा।
एनसीआर के प्रमुख शहरों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी
नोएडा और गाजियाबाद में भी दिन भर बादलों का डेरा रहेगा और रुक-रुक कर बौछारें पड़ेंगी। अधिक नमी के कारण मौसम थोड़ा असहज रह सकता है, इसलिए बाहर निकलते समय छाता रखने की सलाह दी गई है। वहीं फरीदाबाद में दोपहर के बाद तेज आंधी और बारिश से मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिल सकता है।
हरियाणा और गुरुग्राम में भारी बारिश की चेतावनी जारी
गुरुग्राम समेत पूरे हरियाणा के लिए मौसम विभाग ने भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। पिछले 24 घंटों में हुई बारिश के चलते दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को मौसम के बदलते रुख को देखते हुए सतर्क रहने का सुझाव दिया है।