दिल्ली में यमुना क्रूज सेवा तो शुरू हुई, लेकिन महंगे टिकट और दर्शनीय स्थलों के अभाव से पर्यटक निराश

Share

- Advertisement -

New Delhi News: देश की राजधानी दिल्ली में यमुना नदी पर क्रूज सेवा शुरू होने से पर्यटकों को जल यात्रा का एक नया विकल्प जरूर मिला है, लेकिन रिवरफ्रंट और किनारों पर प्रमुख दर्शनीय स्थलों के अभाव में यह सफर उम्मीद के मुताबिक रोमांचक नहीं बन पा रहा है। इसके अलावा, 30 मिनट की सवारी के लिए 500 रुपये के टिकट और 50 रुपये के अतिरिक्त प्रवेश शुल्क को लेकर भी पर्यटकों में नाराजगी देखी जा रही है।

यमुना बैराज के पास बने स्टेशन से सोनिया विहार की ओर संचालित होने वाली इस क्रूज सेवा के मार्ग पर दोनों किनारों पर फिलहाल कोई विकसित पर्यटन स्थल या ऐतिहासिक धरोहर मौजूद नहीं है। सफर के दौरान सोनिया विहार की ओर किनारों पर खड़े स्थानीय लोग क्रूज को देखते और हाथ हिलाकर यात्रियों का अभिवादन करते नजर आते हैं, जबकि बाईं ओर दूसरे किनारे पर कुछ स्थानों पर विभिन्न प्रजातियों के पक्षी दिखाई देते हैं। हालांकि, पर्यटकों का मानना है कि पूरे सफर को यादगार बनाने के लिए इतना आकर्षण पर्याप्त नहीं है।

500 रुपये टिकट के बाद 50 रुपये प्रवेश शुल्क पर उठे सवाल

क्रूज की व्यवस्थाओं को लेकर टिकट दरों पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। पर्यटकों को महज 30 मिनट की सवारी के लिए 500 रुपये का टिकट खरीदना पड़ रहा है, जिसे लोग काफी महंगा बता रहे हैं। इसके साथ ही, परिसर में प्रवेश के लिए 50 रुपये का अलग से शुल्क लिया जा रहा है।

कई पर्यटकों ने इस अतिरिक्त शुल्क का विरोध करते हुए कहा कि जब वे क्रूज की सवारी के लिए पहले ही 500 रुपये का टिकट ले चुके हैं, तो उनसे परिसर में प्रवेश का अलग शुल्क नहीं लिया जाना चाहिए। पर्यटकों की मांग है कि क्रूज के टिकट की दर कम की जाए और टिकट धारकों को प्रवेश शुल्क से छूट दी जाए।

साबरमती रिवरफ्रंट की तर्ज पर विकास की योजना में अभी समय

दिल्ली में यमुना को स्वच्छ और अविरल बनाने के साथ-साथ इसके किनारों को गुजरात के साबरमती रिवरफ्रंट की तर्ज पर विकसित करने की योजना पर चर्चा चल रही है। हालांकि, इस परियोजना पर जमीनी काम शुरू होने में अभी समय लगने की संभावना है। विशेषज्ञों और पर्यटकों का मानना है कि बिना रिवरफ्रंट विकसित किए क्रूज सेवा का वास्तविक आनंद मिलना कठिन है।

वाराणसी और कोलकाता की क्रूज सेवा से हो रही तुलना

दिल्ली की यमुना क्रूज सेवा की तुलना वाराणसी और कोलकाता में संचालित नदी क्रूज सेवाओं से की जा रही है, जहां जल यात्रा को स्थानीय ऐतिहासिक और धार्मिक विरासत से जोड़ा गया है:

  • वाराणसी (गंगा क्रूज): वाराणसी में पर्यटकों को लगभग 90 मिनट की यात्रा के दौरान गंगा के 84 ऐतिहासिक और धार्मिक घाटों के दर्शन कराए जाते हैं। शाम के विशेष पैकेज में दशाश्वमेध घाट की प्रसिद्ध गंगा आरती और घाटों पर जगमगाते दीप पर्यटकों को एक अनूठा अनुभव प्रदान करते हैं।
  • कोलकाता (हुगली क्रूज): कोलकाता में हुगली नदी पर क्रूज सफर के दौरान पर्यटक प्रसिद्ध हावड़ा ब्रिज (रवींद्र सेतु), विद्यासागर सेतु, प्रिंसेप घाट, मिलेनियम पार्क और पुराने घाटों के दृश्य देख सकते हैं। कुछ लंबे मार्गों पर बेलूर मठ और दक्षिणेश्वर काली मंदिर के नजारे भी सफर का हिस्सा होते हैं।
Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News