Patna News: बिहार में 4,280 करोड़ रुपये की लागत से बने ‘नीतीश सेतु’ के 21 नवंबर को होने वाले उद्घाटन से पहले सियासी विवाद शुरू हो गया है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल पूछते हुए दावा किया कि यह पुल पिछले 17 महीने से चालू है और इसका उद्घाटन पहले ही हो चुका है।
बिहार में 4,280 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 19.7 किलोमीटर लंबे ‘नीतीश सेतु’ के उद्घाटन को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को अपने वैशाली दौरे के दौरान इस पुल को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इससे ठीक पहले, बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राजद नेता तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रधानमंत्री के पोस्ट का जवाब देते हुए इस कार्यक्रम पर सवाल उठाए हैं।
तेजस्वी यादव ने दावा किया है कि तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक साल पांच महीने पहले ही इस पुल का उद्घाटन कर चुके हैं और यह पिछले 17 महीनों से आम लोगों के लिए चालू है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस परियोजना के निर्माण में केंद्र सरकार की ओर से एक भी पैसा नहीं दिया गया है।
तेजस्वी यादव ने एक्स पर पूछे ये सवाल
तेजस्वी यादव ने अपने पोस्ट में लिखा, ‘आदरणीय प्रधानमंत्री जी, इस प्रोजेक्ट के लिए केंद्र सरकार ने एक पैसा नहीं दिया।’ उन्होंने याद दिलाया कि 1 साल 5 महीने पहले तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इसका उद्घाटन कर चुके हैं। राजद नेता ने आगे लिखा, ‘बिहार के लोगों की समझ से बाहर है कि आप इसका दोबारा उद्घाटन क्यों कर रहे हैं।’
तेजस्वी ने सवाल किया कि क्या प्रधानमंत्री बिना किसी केंद्रीय योगदान के अपने नाम का शिलापट्ट लगवाना चाहते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री से इस परियोजना का श्रेय लेने और अनावश्यक आत्मप्रचार से बचने की अपील भी की।
कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल के नामकरण को लेकर भी विवाद
उद्घाटन के साथ-साथ तेजस्वी यादव ने पुल के नामकरण को लेकर भी राज्य सरकार को घेरा है। इस संबंध में उन्होंने बिहार विधानसभा के गैर-सरकारी संकल्प संख्या 65/2026 और पथ निर्माण विभाग के आधिकारिक जवाब की प्रति भी साझा की है।
तेजस्वी का दावा है कि नीतीश कुमार ने इस छह लेन पुल का नाम स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय अक्षयवट राय के नाम पर रखने की सहमति दी थी। इसके अलावा, विभाग ने सदन में यह भी जानकारी दी थी कि इसे गुरु गोविंद सिंह जी के नाम पर रखने का प्रस्ताव मिला है। तेजस्वी ने सवाल उठाया कि इन सबके बावजूद पुल का नाम एक जीवित व्यक्ति के नाम पर क्यों रख दिया गया।
21 नवंबर को वैशाली दौरे पर रहेंगें पीएम मोदी
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को दोपहर करीब 1:15 बजे वैशाली में नीतीश सेतु का दौरा करेंगे। इसके बाद दोपहर 2 बजे वह करीब 34,470 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
गंगा नदी पर बना यह एक्स्ट्राडोज्ड केबल-स्टेयड पुल 9.7 किलोमीटर लंबे मुख्य ब्रिज और 10 किलोमीटर लंबे एप्रोच रोड से मिलकर बना है। यह पुल पटना में एनएच-22 पर स्थित कच्ची दरगाह को वैशाली में एनएच-322 पर स्थित बिदुपुर से जोड़ता है। इसके संचालन से महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु पर वाहनों का दबाव कम होने के साथ ही राघोपुर दियारा क्षेत्र के लोगों को पटना पहुंचने में बड़ी सुविधा मिल रही है।