Samastipur News: बिहार के समस्तीपुर में बाईपास सड़क पर एक युवती के साथ छेड़छाड़ का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए छह घंटे के भीतर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस घटना के सामने आने के बाद राज्य में सियासी घमासान तेज हो गया है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही हरकत में आई पुलिस
यह मामला कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव के पास बाईपास सड़क का है। युवती अपने एक साथी के साथ फोटो खिंचवाने के लिए रुकी थी। तभी कुछ युवकों ने उन्हें घेर लिया और युवती से अभद्रता की। आरोपियों ने इस घटना का वीडियो बनाकर इंटरनेट पर प्रसारित कर दिया था।
पुलिस ने वीडियो का तकनीकी सत्यापन कर पॉक्सो और आईटी एक्ट में केस दर्ज किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास, राहुल, सुभाष और अवधेश के रूप में हुई है। वहीं, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। पुलिस ने लोगों से पीड़िता की पहचान उजागर न करने की अपील की है।