Patna News: लोकआस्था के महापर्व छठ के अवसर पर भोजपुरी लोकगायिका कल्पना पटवारी ने इस पर्व से जुड़ी अपनी गहरी आस्था और निजी अनुभव साझा किए हैं। उन्होंने बताया कि छठी मैया के आशीर्वाद से उन्हें जुड़वा बेटों की प्राप्ति हुई, साथ ही उन्होंने बिहार में मुस्लिम महिलाओं द्वारा छठ मनाने की परंपरा और इसकी सांस्कृतिक एकता पर भी प्रकाश डाला।
बिहार, झारखंड और उत्तर भारत के कई हिस्सों में 13 से 16 नवंबर के बीच छठ का त्योहार बड़ी श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया जा रहा है। इस पावन अवसर से पहले शुभांकर मिश्रा के साथ एक पॉडकास्ट बातचीत में भोजपुरी संगीत की चर्चित गायिका कल्पना पटवारी ने छठ पूजा के आध्यात्मिक और सामाजिक महत्व पर विस्तार से बात की। उन्होंने कहा कि हर किसी को छठ की पूजा करनी चाहिए।
छठी मैया के आशीर्वाद से पूरे हुए मां बनने के सपने
बातचीत के दौरान कल्पना पटवारी अपने निजी जीवन का एक भावनात्मक किस्सा याद कर भावुक हो गईं। उन्होंने बताया कि छठ से जुड़ी भावना बेहद मजबूत है और छठी मैया को संतान की जीवन प्रदायिनी के रूप में देखा जाता है। उन्होंने कहा कि शादी के बाद यदि किसी स्त्री को मां बनने में समस्या आती है, तो लोग यही कहते हैं कि उसके लिए छठ है।
कल्पना ने खुलासा किया कि उन्हें भी मां बनने में कुछ चिकित्सीय समस्याओं का सामना करना पड़ा था। उस समय बिहार के जमालपुर से उनकी एक प्रशंसक ने उनसे कहा था कि वह उनके लिए ‘कोसी’ भरने जा रही हैं और संतान प्राप्ति के बाद उन्हें वहां आना होगा। कल्पना ने बताया, “मैंने कहा कि मां, यह तो आशीर्वाद स्वरूप है। और अगले ही साल… आज मेरे दो जुड़वा बेटे हैं। मैं उन दोनों को लेकर जमालपुर गई, जहां उस मां ने मेरे दोनों बेटों को गोद में रखकर छठ के नियम पूरे किए और बच्चों के बाल भी कटवाए। यह भावना केवल स्टूडियो में छठ गीत गाने तक सीमित नहीं है, इसे बोलते वक्त भी मैं भावुक हो रही हूं।”
धर्म से ऊपर है मातृत्व और छठ की आस्था
देश में चल रही सांस्कृतिक और धार्मिक चर्चाओं के बीच कल्पना पटवारी ने बिहार की गंगा-जमुनी तहजीब का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बिहार में मुस्लिम महिलाएं भी पूरी श्रद्धा से छठ का व्रत रखती हैं। जब उन्हें इस बारे में पता चला, तो उन्होंने बिहार के इस गौरव को अपने गीतों के माध्यम से दुनिया के सामने लाने का फैसला किया।
अपने एक चर्चित गीत का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इसमें एक मुस्लिम महिला को नमाज के परिधान के बाद पारंपरिक पीली साड़ी (पिहरी) पहनकर छठ करते हुए बेहद सकारात्मक रूप में दिखाया गया है। कल्पना के अनुसार, जहां मां बनने की बात आती है, वहां केवल एक स्त्री होती है और धर्म की सीमाएं छोटी पड़ जाती हैं। जब कहीं से उम्मीद नहीं बचती, तब छठी मैया में ही आस्था दिखाई देती है।
लोकगीत ही हैं मंत्र, असम में भी बढ़ रही लोकप्रियता
छठ पूजा की विशिष्टता समझाते हुए कल्पना पटवारी ने कहा कि इस पर्व में सूर्य देव को अर्घ्य देकर प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त किया जाता है। उन्होंने रेखांकित किया कि छठ एक ऐसा अनूठा पर्व है, जिसमें किसी पुरोहित या पंडित की आवश्यकता नहीं होती, बल्कि पारंपरिक लोकगीत ही मंत्र का काम करते हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि अब उनके गृह राज्य असम में भी महिलाएं बड़ी संख्या में छठ पूजा कर रही हैं।
अपनी व्यस्तताओं का जिक्र करते हुए कल्पना ने बताया कि छठ के दौरान वे अक्सर लाइव कार्यक्रमों और मंच पर व्यस्त रहती हैं। निर्जला व्रत रखकर मंच पर गाना संभव नहीं होता, इसलिए उन्हें व्रत रखने का मौका कम ही मिल पाता है। हालांकि, कोविड-19 महामारी के दौरान उन्होंने पहली बार असम में छठ का व्रत रखा था, जिसे उन्होंने एक बेहद दैवीय अनुभव बताया। उन्होंने इच्छा जताई कि यदि इस बार उनके मंच के कार्यक्रम नहीं रहे, तो वे अवश्य छठ पूजा करेंगी।