Patna News: बिहार की राजधानी पटना के मनेर थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई के दौरान हुए एनकाउंटर में तीन कुख्यात अपराधी मारे गए। इस मुठभेड़ में मनेर के थानाध्यक्ष (SHO) भी घायल हुए हैं। मारे गए अपराधियों की पहचान जेपी यादव, सूरज कुमार और बबलू कुमार के रूप में हुई है, जो पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार की हत्या समेत कई मामलों में वांछित थे।
राजधानी पटना के मनेर थाना क्षेत्र के शेरपुर इलाके में गंगा नदी के पास शुक्रवार तड़के लगभग 3 बजे पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली। अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे तलाशी अभियान के दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ कुख्यात अपराधी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और मुठभेड़ के दौरान तीनों अपराधी गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस गोलीबारी की घटना में मनेर के थानाध्यक्ष रजनीश कुमार के बाएं हाथ को गोली छूकर निकल गई, जिससे वह बाल-बाल बच गए। पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि पुलिस और अपराधियों के बीच दोनों तरफ से भारी गोलीबारी हुई, जिसमें पुलिस की ओर से 18 राउंड और अपराधियों की ओर से 24 राउंड गोलियां चलाई गईं। घटनास्थल से दो पिस्टल, एक देसी कट्टा और भारी मात्रा में गोलियां बरामद की गई हैं।
पैक्स अध्यक्ष की हत्या में थे शामिल
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि एनकाउंटर में मारे गए अपराधियों का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। इनमें से बबलू कुमार ने 19 अक्टूबर को अष्टमी के दिन घर पर बैठे पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार की गोली मारकर हत्या करने में शूटर की भूमिका निभाई थी, जबकि जेपी यादव इस हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता था। ये दोनों और इनका साथी सूरज कुमार कई अन्य आपराधिक मामलों में भी पुलिस की वांटेड लिस्ट में शामिल थे। पुलिस अब इस पूरे मामले में वीडियोग्राफी के साथ आगे की कानूनी प्रक्रिया और पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर रही है।