Saran News: बिहार के छपरा जिले में रिविलगंज के पास हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक सीवान जिले का रहने वाला था और रूस में काम करता था। वह अपनी शादी के सिलसिले में छुट्टी लेकर घर आया था। 20 नवंबर को उसकी शादी तय थी।
बिहार के छपरा जिले में एक भीषण सड़क दुर्घटना में शादी से ठीक पहले युवक की मौत हो गई। हादसा रिविलगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत मुकरेरा और उमधा के बीच स्थित पुल पर हुआ, जहां युवक का वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतक सीवान जिले के चैनपुर का निवासी था और रोजगार के सिलसिले में रूस में रहता था। आगामी 20 नवंबर को उसका विवाह होना तय हुआ था, जिसके लिए वह हाल ही में छुट्टी लेकर अपने गांव लौटा था। परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं और घर में उत्सव का माहौल था।
शादी की खरीदारी कर लौटते समय हुआ हादसा
युवक विवाह की तैयारियों के सिलसिले में छपरा के कोपा स्थित एक मॉल में खरीदारी करने गया था। वहां उसने शादी के लिए शेरवानी पसंद की और उसे पहनकर तस्वीर भी खिंचवाई। खरीदारी पूरी करने के बाद वह अपनी मौसी से मिलने और उन्हें विवाह का निमंत्रण देने छपरा की तरफ जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में मुकरेरा और उमधा के बीच पुल पर उसका वाहन दुर्घटना का शिकार हो गया।
हादसे से करीब 27 मिनट पहले ही युवक ने शेरवानी पहनकर अपनी तस्वीर खिंचवाई थी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। जिस घर में विवाह की तैयारियां चल रही थीं, वहां मातम पसर गया है।