Bengaluru: कर्नाटक की राजधानी बंगलुरू से एक बेहद हैरान और दुखी करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक अपार्टमेंट के कमरे में अकेली रह रही महिला का कंकाल बरामद हुआ है। पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक महिला की मौत एक साल पहले ही हो गई थी।
बंगलुरू के बगलगुंटे इलाके में हुई इस घटना ने स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस ने मृत महिला की पहचान 52 वर्षीय दक्षायिणी के रूप में की है। एक साल पहले महिला की मौत होने के बावजूद किसी ने उनकी सुध नहीं ली।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक दक्षायिणी अपार्टमेंट के एक फ्लैट में अकेली ही रहती थीं। स्थानीय निवासियों ने पुलिस को बताया कि करीब 10 साल पहले उनके पति का निधन हो गया था। इसके कुछ ही समय बाद कैंसर से जूझ रहे बेटे की भी मौत हो गई थी।
परिवार के हादसों के बाद डिप्रेशन में थीं महिला
पति और फिर बेटे को एक के बाद एक खोने के बाद महिला गहरे सदमे में चली गई थीं। परिवार के दो अहम सदस्यों की मौत ने उन्हें मानसिक रूप से पूरी तरह तोड़ दिया था। इसके बाद से ही वह काफी डिप्रेशन में रहने लगी थीं।
पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि मृत महिला की एक बेटी और दामाद भी हैं। हालांकि पिछले एक साल के दौरान उन्होंने अपनी मां से संपर्क करने या उनका हालचाल जानने का कोई प्रयास नहीं किया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने अवशेषों को कब्जे में लेकर आगे की जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस महिला की मौत के असली कारणों और परिस्थितियों का पता लगा रही है।