Chennai News: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने शुक्रवार को चेन्नई स्थित पुझल केंद्रीय कारागार का अचानक दौरा किया। देश के सबसे बड़े जेल परिसरों में शामिल इस जेल में पहुंचकर उन्होंने कैदियों को मिलने वाले भोजन, स्वास्थ्य सेवाओं और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार से निरीक्षण किया।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने कैदियों से सीधे बातचीत की और उनकी समस्याएं तथा जरूरतें जानीं। उन्होंने जेल परिसर में स्थित पुलिस स्टेशन, अस्पताल और विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों का भी जायजा लिया। सरकार द्वारा चलाए जा रहे कैदी पुनर्वास और कल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
उच्च सुरक्षा ब्लॉक और नशामुक्ति केंद्र का लिया जायजा
आधिकारिक बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री ने पुझल केंद्रीय कारागार-1 के एकांतवास वार्ड, मुलाकात कक्ष, अस्पताल और नशामुक्ति केंद्र का दौरा किया। इसके साथ ही उन्होंने जेल की कक्षाओं, आधुनिक कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र, पुस्तकालय, हाई-सिक्योरिटी ब्लॉक और फांसी क्षेत्र की व्यवस्थाओं को भी देखा।
व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्र में मुख्यमंत्री ने कैदियों द्वारा बनाए गए सामानों का मुआयना किया। इनमें लोहे के रैक, फाइल बोर्ड और पेपर कवर शामिल थे। इसके अलावा उन्होंने हथकरघा व सिलाई विभाग के काम को देखा और कैदियों को परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता भी परखी।