ISSF वर्ल्ड कप: ईशा सिंह ने 25 मीटर पिस्टल में जीता गोल्ड मेडल, मनु भाकर को मिला ब्रॉन्ज

Share

- Advertisement -

Hangzhou News: चीन के हांगझू में आयोजित ISSF वर्ल्ड कप में भारत की पिस्टल निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया है। महिलाओं के 25 मीटर पिस्टल इवेंट में ईशा सिंह ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि मनु भाकर ने कांस्य पदक हासिल किया। नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अनुसार, ईशा ने फाइनल में 40 हिट्स के साथ पहला स्थान हासिल किया।

पेरिस 2024 ओलंपिक में दो मेडल जीतने वाली मनु भाकर ने कड़े मुकाबले में अहम शूट-ऑफ जीता। उन्होंने 28 हिट्स के साथ तीसरे स्थान पर रहते हुए ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। इससे पहले क्वालिफिकेशन राउंड में मनु भाकर 586 के स्कोर के साथ पहले स्थान पर थीं, जबकि ईशा सिंह 585 के स्कोर के साथ दूसरे पायदान पर रही थीं।

हांगझू में मिली जीत से बेहद खुश हैं ईशा सिंह

ईशा सिंह ने म्यूनिख वर्ल्ड कप के अपने रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन के बाद इस जीत को काफी अहम बताया। उन्होंने कहा, ‘मेरे लिए यह मैच काफी मानसिक दबाव वाला था। जब आप लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हैं, तो उम्मीदों का बोझ बढ़ जाता है। मुझे खुशी है कि मैं आज इस दबाव से उबरने में सफल रही। हांगझू की निशानेबाजी रेंज और माहौल मेरे लिए काफी अनुकूल रहे हैं।’

हैदराबाद की 21 वर्षीय स्टार शूटर ईशा सिंह के लिए यह गोल्ड मेडल करियर की एक और बड़ी सफलता है। इसी सीजन में उन्होंने म्यूनिख ISSF वर्ल्ड कप में 43 हिट्स के साथ सीनियर और जूनियर दोनों वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाए थे। अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित ईशा अब विश्व स्तर पर भारतीय निशानेबाजी का प्रमुख चेहरा बन चुकी हैं।

मनु भाकर के लिए आत्मविश्वास बढ़ाने वाला रहा मुकाबला

कांस्य पदक जीतने के बाद मनु भाकर ने कहा कि यह मेडल उनके आत्मविश्वास को काफी बढ़ाएगा। उन्होंने कहा, ‘यह पदक मेरे लिए एक सीढ़ी की तरह है। इससे मुझे यह समझने में मदद मिलती है कि मुझे किस दिशा में सुधार करना है। इस कड़े मुकाबले का अनुभव मुझे आगामी एशियाई खेलों और वर्ल्ड चैंपियनशिप की तैयारी में काफी काम आएगा।’

पेरिस ओलंपिक में दो मेडल जीतकर इतिहास रचने वाली मनु भाकर का यह प्रदर्शन उनकी निरंतरता को दर्शाता है। भारतीय दल की अन्य निशानेबाजों में एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता राही सरनोबत ने 582 का स्कोर किया। सिमरनप्रीत कौर बराड़ और अभिज्ञा अशोक पाटिल ने भी RPO स्टेटस के तहत मुकाबले में हिस्सा लेते हुए अच्छा प्रदर्शन किया।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News