Kinnaur News: हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में दो-तीन दिनों की रुकावट के बाद किन्नौर कैलाश यात्रा दोबारा शुरू हो गई है। रविवार को मौसम साफ होने के बाद तांगलिंग बेस कैंप से कुल 589 श्रद्धालुओं को पवित्र शिवलिंग के दर्शन के लिए रवाना किया गया। प्रशासन के इस फैसले से यात्रियों को बड़ी राहत मिली है।
खराब मौसम के कारण पिछले दो दिनों से यात्रा पूरी तरह ठप पड़ी थी। इस वजह से तांगलिंग बेस कैंप में श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ती जा रही थी। रविवार को आसमान साफ होते ही जिला प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए रोजाना तय सीमा से अधिक श्रद्धालुओं को आगे जाने की विशेष मंजूरी दे दी।
प्रशासन के नियमानुसार आम दिनों में रोजाना केवल 375 श्रद्धालुओं को यात्रा की अनुमति मिलती है। हालांकि दो दिनों का बैकलाग खत्म करने के लिए रविवार को 214 अतिरिक्त यात्रियों को भेजा गया। इसमें 194 ऑनलाइन, 306 ऑफलाइन और 89 एडवेंचर टूर ऑपरेटर्स एसोसिएशन किन्नौर के कोटे से पंजीकृत श्रद्धालु शामिल रहे।
जिला प्रशासन का कहना है कि बेस कैंप में व्यवस्थाएं दुरुस्त करने और श्रद्धालुओं के दबाव को कम करने के लिए यह कदम उठाया गया। अब मौसम अनुकूल रहने पर यात्रा को सभी जरूरी सुरक्षा नियमों के तहत चलाया जा रहा है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करें।