New Delhi News: करवा चौथ (करक चतुर्थी) का पावन व्रत इस वर्ष 29 अक्टूबर को रखा जाएगा। वामन पुराण के नियमानुसार चतुर्थी तिथि में चंद्रोदय 29 अक्टूबर की रात को ही मिल रहा है। शाम को पूजा का शुभ मुहूर्त 5:38 बजे से 6:56 बजे तक रहेगा, जबकि चंद्रमा रात 8:17 बजे उदित होगा।
करवा चौथ व्रत की सही तारीख को लेकर बना संशय पंचांगीय गणना और शास्त्रों के नियमों से स्पष्ट हो गया है। कार्तिक माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि का प्रारंभ 28 अक्टूबर की देर रात 1:06 बजे से हो रहा है, जो 29 अक्टूबर की रात 10:09 बजे तक रहेगी। वामन पुराण के अनुसार, करवा चौथ का व्रत उसी दिन किया जाता है जिस दिन चतुर्थी तिथि चंद्रोदयव्यापिनी हो। चूंकि चतुर्थी युक्त चंद्रोदय 29 अक्टूबर को प्राप्त हो रहा है, इसलिए यह व्रत 29 अक्टूबर गुरुवार को ही मान्य होगा। शास्त्रों में इस व्रत को करक चतुर्थी के नाम से भी जाना जाता है।
करवा चौथ 2026 के शुभ मुहूर्त
व्रत के दिन ब्रह्म मुहूर्त सुबह 04:48 बजे से 05:39 बजे तक रहेगा। इस अवधि में व्रती स्नान आदि दैनिक क्रियाओं से निवृत्त होकर सरगी ग्रहण कर सकते हैं और इसके बाद निर्जला व्रत एवं पूजा का संकल्प लिया जाता है।
संध्याकाल में करवा चौथ की मुख्य पूजा का शुभ मुहूर्त शाम 5:38 बजे से शाम 6:56 बजे तक रहेगा। इस दौरान माता पार्वती, भगवान शिव, विघ्नहर्ता श्री गणेश और भगवान कार्तिकेय का विधि-विधान से पूजन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, इस दिन निशिता मुहूर्त रात 11:39 बजे से देर रात 12:31 बजे तक रहेगा।
चांद निकलने का समय और अर्घ्य
पंचांग के अनुसार 29 अक्टूबर को रात 8:17 बजे चंद्रोदय होगा। सुहागिन महिलाएं इस समय छलनी से चंद्र दर्शन कर विधिपूर्वक चंद्रमा को अर्घ्य अर्पित करेंगी। चंद्रमा की पूजा और अर्घ्य के बाद ही यह निर्जला व्रत पूर्ण माना जाता है।
व्रत का पारण और धार्मिक महत्व
चंद्रमा को अर्घ्य देने के पश्चात महिलाएं पति के हाथों से जल ग्रहण कर निर्जला व्रत का पारण करती हैं। इसके बाद प्रसाद और सात्विक भोजन ग्रहण किया जाता है। हालांकि, कुछ परंपराओं में अगले दिन सूर्योदय के बाद पारण का भी चलन है, इसलिए व्रती अपनी कुल परंपरा के अनुसार पारण कर सकते हैं।
पौराणिक मान्यता के अनुसार, वीरावती (या करवा) ने नियम भंग कर बिना चंद्र दर्शन के भोजन कर लिया था, जिससे उसके पति की मृत्यु हो गई थी। बाद में वर्ष भर के चतुर्थी व्रतों के पुण्य प्रभाव से उसे अखंड सौभाग्य पुनः प्राप्त हुआ। यही कारण है कि महिलाएं अपने पति की दीर्घायु और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना के लिए यह कठिन निर्जला व्रत रखती हैं।