Una News: शक्तिपीठ माता श्री चिंतपूर्णी जी के दरबार में शनिवार सुबह आस्था की अनूठी तस्वीर देखने को मिली। पंजाब के जालंधर से पहुंचे एक श्रद्धालु परिवार ने माता की पावन पिंडी पर करीब डेढ़ किलो चांदी का खूबसूरत छत्र अर्पित किया। परिवार ने मन्नत पूरी होने पर श्रद्धाभाव से यह भेंट चढ़ाई है।
जालंधर के जिंदल परिवार की ओर से भेंट किए गए चांदी के छत्र का वजन 1 किलो 490 ग्राम है। बाजार में इसकी अनुमानित कीमत लगभग 4 लाख रुपये बताई जा रही है। आधुनिक कारीगरी से बने इस छत्र के चारों तरफ चांदी की लड़ियां लगी हैं और ओम व स्वास्तिक के धार्मिक चिह्न उकेरे गए हैं।
वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ मंदिर के पुजारियों ने पूरी करवाई पूजा
छत्र को माता के चरणों में अर्पित करने से पहले मंदिर के पुजारियों ने विधिवत धार्मिक अनुष्ठान किया। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पूजा संपन्न होने के बाद छत्र को माता की पवित्र पिंडी पर सुसज्जित किया गया। इस भव्य छत्र के सजने के बाद मां का दरबार और भी आलौकिक नजर आने लगा है।
जिंदल परिवार ने बताया कि वे वर्षों से माता चिंतपूर्णी के दर्शन करने दरबार में आ रहे हैं। उनके परिवार पर मां की विशेष कृपा रही है। एक बड़ी मनोकामना पूरी होने के बाद उन्होंने अपनी स्वेच्छा से यह छत्र भेंट किया। उन्होंने माता के चरणों में शीश नवाकर पूरे परिवार की सुख-शांति की प्रार्थना की।