भाई दूज पर जरूर पढ़ें 7 भाइयों और एक बहन की यह पौराणिक कथा, हर संकट से होती है भाई की रक्षा

Share

- Advertisement -

National News: भाई दूज के पावन पर्व पर बहनें अपने भाइयों की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और सुरक्षा की कामना के साथ तिलक करती हैं। इस दिन यमराज और यमुना की कथा के साथ-साथ पारंपरिक रूप से सात भाइयों और एक बहन की पौराणिक व्रत कथा पढ़ने और सुनने का विशेष महत्व माना गया है। जानिए यह चमत्कारी कथा जिसने सात भाइयों को नया जीवन दिया।

दिवाली के ठीक बाद मनाया जाने वाला भाई दूज का पर्व भाई-बहन के अटूट स्नेह और समर्पण का प्रतीक है। इस दिन बहनें प्रातः स्नान कर गोवर्धन पूजन स्थल के समीप बैठकर अपनी कलाई पर भाइयों की संख्या के अनुसार रेखाएं बनाती हैं और पारंपरिक व्रत कथा का श्रवण करती हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सात भाइयों और एक बहन की इस कथा को सुनने से भाई के जीवन पर मंडरा रहे बड़े से बड़े संकट भी टल जाते हैं।

बुढ़िया माई के परिवार पर संकट और भाई का बहन के घर जाना

पौराणिक कथा के अनुसार, एक बुढ़िया माई के सात बेटे और एक बेटी थी। बुढ़िया माई के छह बेटों की शादी के समय फेरों के दौरान ही एक नाग उन्हें डस लेता था, जिससे छह बहुएं विधवा हो गई थीं। अब सातवें बेटे का विवाह तय हुआ, जिसके डर से रो-रोकर मां की आंखें अंधी हो चुकी थीं। विवाह से पहले भाई दूज का त्योहार आया, तो सातवें बेटे ने बहन के घर जाकर तिलक कराने की इच्छा जताई। मां ने उसे पूरी सावधानी से जाने की सलाह देकर विदा किया।

उधर, बहन को जब भाई के आने की खबर मिली, तो उसकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उसने अनजाने में अपनी ईर्ष्यालु पड़ोसन से पूछा कि पहली बार आ रहे भाई के स्वागत में क्या बनाए। पड़ोसन ने दुर्भावना से उसे दूध से रसोई लीपने और घी में चावल पकाने की गलत सलाह दे दी।

रास्ते में काल रूपी सांप और झोले का रहस्य

रास्ते में जा रहे भाई को एक विषैला सांप मिला, जिसने कहा कि वह उसका काल है और उसे डसने आया है। इस पर युवक ने विनम्रता से आग्रह किया कि उसकी बहन तिलक के लिए उसका इंतजार कर रही है, इसलिए वह टीका कराकर लौटते समय स्वयं उसके पास आ जाएगा। सांप को विश्वास दिलाने के लिए उसने सांप को अपने झोले में ही बैठा लिया।

बहन के घर पहुंचकर भाई को तेज भूख लगी, लेकिन बहन की रसोई दूध के कारण सूखी नहीं थी और घी में चावल नहीं पके थे। भाई ने उसे सही विधि बताते हुए गोबर से चौका लगाने और दूध में चावल की खीर पकाने को कहा। भोजन के बाद जब भाई विश्राम करने लगा, तो बहन के बच्चे जिद करके मामा का झोला खोल बैठे। झोला खोलते ही उसमें सांप की जगह बहुमूल्य हीरे-जवाहरात मिले, जिसे देखकर सभी हैरान रह गए।

बाजरे की चक्की और अनहोनी की आहट

बहन ने भाई के लौटने के समय रास्ते के लिए बाजरे के लड्डू तैयार कर दिए। भाई के जाने के बाद जब बच्चों ने वही लड्डू मांगे, तो बहन चक्की के पास गई। वहां उसने चक्की में सांप की हड्डियां पिसी हुई देखीं। यह देखकर वह घबरा गई कि जहरीले लड्डू खाकर भाई की जान जा सकती है। वह तुरंत नंगे पैर भाई को बचाने के लिए भागी और एक पेड़ के नीचे सो रहे भाई को जगाकर लड्डू खाने से रोक लिया।

भाई की जान बचने के बाद बहन ने उसके साथ उसके घर तक चलने का निर्णय लिया। रास्ते में मिली एक बुजुर्ग महिला ने उसे बताया कि उसके भाई पर काल का घोर साया मंडरा रहा है और सातवें बेटे की शादी में भी उसकी मृत्यु तय है। बहन ने हर कीमत पर भाई की रक्षा का संकल्प लिया।

विवाह की रस्मों में बहन की सतर्कता से टला संकट

घर पहुंचकर विवाह की तैयारियां शुरू हुईं। बहन हर रस्म में ढाल बनकर भाई के आगे खड़ी रही:

  • सेहरा बंदी: जैसे ही भाई को सेहरा पहनाने लगे, बहन ने सेहरा खुद पहन लिया। देखा गया कि कलगी के नीचे एक विषैला नाग छिपा था, जिसे बहन ने तुरंत फेंक दिया।
  • घोड़ी चढ़ाई: भाई के स्थान पर पहले बहन घोड़ी पर चढ़ी, जिससे अनहोनी टल गई।
  • निकासी: बारात प्रस्थान के समय मुख्य दरवाजे से पहले बहन बाहर निकली, उसी क्षण पुराना दरवाजा ढह गया और दोनों बाल-बाल बच गए।

दुल्हन की चतुराई और सातों भाइयों का पुनर्जीवन

विवाह मंडप में फेरों के समय बहन ने दुल्हन को सचेत किया कि अब तक उसने अपने भाई की रक्षा की है, लेकिन अब फेरों के समय नाग से पति की रक्षा दुल्हन को करनी होगी। साथ ही यह भी समझाया कि इसी अवसर पर वह अपने छह जेठों को भी पुनर्जीवित करा सकती है।

फेरों के दौरान जैसे ही नाग दूल्हे को डसने आया, दुल्हन ने तत्परता दिखाते हुए उसे लोटे और थाली से ढंककर कैद कर लिया। अपने पति (नाग) को छुड़ाने पहुंची नागिन से चतुर दुल्हन ने पहले अपने सातों जेठों को जीवित करने का वचन मांगा। नागिन ने वचन का पालन करते हुए सभी छह मृत भाइयों को पुनः जीवित कर दिया।

जब गांव में सात बेटे और सात बहुएं एक साथ पहुंचे, तो बुढ़िया माई के आंसुओं की जगह अपार खुशियों ने ले ली और उसकी आंखों की ज्योति भी लौट आई। पूरे समाज ने उस समर्पित बहन के साहस और सूझबूझ की सराहना की, जिसने अपने भाई के साथ-साथ पूरे परिवार की रक्षा की।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News