Shimla News: हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने मंडी से भाजपा सांसद कंगना रनौत के ‘जेन जी’ पर दिए बयान पर जोरदार पलटवार किया है। उन्होंने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के विचारों का संदर्भ देकर कंगना पर निशाना साधा और युवाओं के सम्मान की वकालत की।
कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने अपने फेसबुक पेज पर एक पोस्ट में लिखा कि संघ प्रमुख मोहन भागवत युवाओं से जुड़ने की बात कहते हैं। भागवत का मानना है कि जेन जी ही भारत का भविष्य हैं। वहीं दूसरी तरफ भाजपा सांसद कंगना रनौत युवाओं के लिए बेहद अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल कर रही हैं।
विक्रमादित्य सिंह ने कंगना पर तंज कसते हुए कहा कि मोहतरमा युवाओं को देश पर कलंक बता रही हैं। अब देश की जनता को तय करना होगा कि युवाओं को सम्मान देना सही है या उनका अपमान करना। उनके मुताबिक युवा ही देश की असली ताकत हैं और उन्हें जोड़ने की जरूरत है।
लोक निर्माण मंत्री ने अपने पोस्ट के साथ एक पोस्टर भी साझा किया है। इसमें कंगना रनौत के कथित बयान और मोहन भागवत के जेन जी को लेकर विचारों की तुलना की गई है। हाल ही में कंगना ने नई पीढ़ी को लेकर तीखा बयान दिया था, जिस पर अब सियासत गर्म हो गई है।