कांगड़ा दौरे पर अधिकारियों पर बिफरे मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू, काम में देरी पर दी सस्पेंड करने की चेतावनी

Share

- Advertisement -

Kangra News: कांगड़ा जिले के एकदिवसीय दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने विकास कार्यों में देरी पर अधिकारियों की जमकर क्लास ली। धर्मशाला के सकोह में इनडोर आइस स्केटिंग रिंक परियोजना में ढिलाई बरतने पर उन्होंने अफसरों को कड़ी फटकार लगाई और निलंबन की सीधी चेतावनी दी।

धर्मशाला के सकोह में इनडोर आइस स्केटिंग एवं रोलर स्केटिंग रिंक के निर्माण में हो रही देरी पर मुख्यमंत्री बेहद नाराज नजर आए। उन्होंने मौके पर मौजूद सहायक अभियंता, अधिशाषी अभियंता और प्रोजेक्ट डायरेक्टर से सीधा सवाल किया कि पिछले साल टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी काम में तेजी क्यों नहीं आई।

सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने अधिकारियों को कड़े लहजे में कहा, “काम करना है ढंग से, नहीं करना तो नौकरी छोड़ दो…अगर ऐसी स्पीड से काम करना है तो सस्पेंड कर दूंगा।” अधिकारियों को फटकार लगाते मुख्यमंत्री का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

इस दौरान पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष और नगरोटा बगवां के विधायक आरएस बाली ने भी मामले में हस्तक्षेप किया। उन्होंने प्रोजेक्ट के काम में हो रही देरी का मुद्दा मुख्यमंत्री के सामने उठाया, जिसके बाद मुख्यमंत्री अधिकारियों की कार्यप्रणाली को लेकर और अधिक नाराज हो गए।

परियोजना की आधारशिला और सुक्खू के निर्देश

मुख्यमंत्री सकोह में 33.78 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इनडोर आइस स्केटिंग एवं रोलर स्केटिंग रिंक की आधारशिला रखने आए थे। प्रोजेक्ट की आवश्यक ड्राइंग और कागजी कार्रवाई पूरी न होने पर उन्होंने गहरा असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने काम में तेजी लाने और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी विकास परियोजनाओं में किसी भी प्रकार की बेवजह देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद काम की धीमी गति पर सवाल उठाते हुए उन्होंने साफ कहा कि सरकार केवल आधारशिला रखने में नहीं, बल्कि काम समय पर पूरा करने में विश्वास रखती है।

सुक्खू ने दोहराया कि राज्य सरकार की नीति स्पष्ट है। वे उन्हीं विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे, जिनके लिए बजट का पूरा प्रावधान हो चुका हो और जिनका काम कम से कम आधा पूरा हो चुका हो। सरकार का मुख्य मकसद परियोजनाओं का लाभ समय पर आम जनता तक पहुंचाना है।

शुक्रवार को धर्मशाला के सकोह में 33.78 करोड़ रुपये की इस महत्वाकांक्षी परियोजना की आधारशिला रखी गई। अब संबंधित विभागीय अधिकारियों के सामने निर्माण की गति बढ़ाने, गुणवत्ता सुनिश्चित करने और तय समय सीमा के भीतर काम पूरा करने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र को एक और बड़ी सौगात दी। इससे पहले उन्होंने 982 लाख रुपये की लागत से तैयार हुई अत्याधुनिक सीवरेज एवं सेप्टेज प्रबंधन सुविधा का भी औपचारिक लोकार्पण किया, जिससे स्थानीय निवासियों को सुविधा मिलेगी।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News