सुक्खू सरकार पर हरिपुरधार कॉलेज को साजिश के तहत बंद करने का आरोप, सिरमौर भाजपा प्रवक्ता ने दी चेतावनी

Share

- Advertisement -

Sirmour News: जिला सिरमौर भाजपा प्रवक्ता मेलाराम शर्मा ने प्रदेश की सुक्खू सरकार पर हरिपुरधार कॉलेज को बंद करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सरकार साजिश के तहत इस संस्था को बंद कर रही है। पहले चार विषय खत्म किए और अब चार प्रोफ़ेसरों का तबादला संगड़ाह कॉलेज कर दिया गया।

मेलाराम शर्मा ने शनिवार को बताया कि 31 जुलाई को जारी आदेश के तहत चार सहायक प्रोफ़ेसरों का तबादला संगड़ाह कर दिया गया। वहीं, हरिपुरधार में उनके स्थान पर किसी नए शिक्षक को तैनात नहीं किया गया। इससे स्थानीय छात्रों और अभिभावकों में सरकार के खिलाफ काफी रोष है।

चार प्रोफ़ेसरों के तबादले के बाद बचे केवल तीन शिक्षक

डिग्री कॉलेज हरिपुरधार में कुल 7 पद स्वीकृत हैं। अब चार शिक्षकों के तबादले के बाद कॉलेज में सिर्फ तीन प्रोफ़ेसर ही बचे हैं। सैकड़ों बच्चे इस कॉलेज में पढ़ाई कर रहे हैं। पढ़ाई प्रभावित होने की वजह से कई छात्र सोलन या नाहन के कॉलेजों में एडमिशन लेने को मजबूर होंगे।

शर्मा ने कहा कि जब कॉलेज में विद्यार्थियों की संख्या कम होगी, तो सरकार कम छात्र संख्या का बहाना बनाएगी। इसके बाद तुगलकी फरमान जारी करके इस कॉलेज को पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करके गलत मिसाल कायम कर रही है।

भाजपा प्रवक्ता ने सत्तारूढ़ दल को चेतावनी दी कि यदि छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बंद नहीं हुआ, तो गंभीर परिणाम होंगे। आगामी 2027 के चुनाव में कांग्रेस पार्टी को वही नुकसान उठाना पड़ेगा, जो उसे हाल ही में पंचायत समिति और जिला परिषद के चुनावों में देखना पड़ा है।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News