Jaipur News: राजस्थान की पंचायत समितियों में कांग्रेस ने बीजेपी को पीछे छोड़ दिया है। राज्य की सभी 419 पंचायत समितियों में प्रधान पद के नतीजे घोषित हो चुके हैं। इनमें कांग्रेस ने 255 जगह प्रधान बनाए, जबकि बीजेपी को 105 सीटें मिलीं। यानी कांग्रेस ने बीजेपी के मुकाबले दोगुने से भी ज्यादा प्रधान पद हासिल किए हैं।
कई जिलों में कांग्रेस का प्रदर्शन मजबूत
जिलों के नतीजों में कांग्रेस का प्रदर्शन कई जगह मजबूत रहा। सीकर में कांग्रेस ने 16 में से 15 पंचायत समितियों में प्रधान बनाए। यह जिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा का गृह जिला है। वहीं, जोधपुर में भी कांग्रेस आगे रही। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के गृह जिले की 23 पंचायत समितियों में बीजेपी सिर्फ एक जगह प्रधान बना सकी। नागौर में बीजेपी किसी भी पंचायत समिति में प्रधान नहीं बना पाई।
जबकि, टोंक जिले की सभी आठ पंचायत समितियों में कांग्रेस ने जीत दर्ज की थी, लेकिन प्रधान पद के चुनाव में सात जगह ही उसके उम्मीदवार सफल हुए। सवाई माधोपुर, दौसा, भरतपुर और धौलपुर में भी ज्यादातर पंचायत समितियों में कांग्रेस के प्रधान बने। हालांकि, कुछ जगह पार्टी के सदस्यों की क्रॉस वोटिंग से बीजेपी उम्मीदवारों को जीत मिली।
वोट शेयर में भी कांग्रेस आगे
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने एक्स पर लिखा कि पंचायत समिति प्रधान के चुनाव में कांग्रेस से नवनिर्वाचित सभी प्रधानों को बधाई और उनके उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं। उन्होंने कहा कि राजस्थान की जनता ने बीजेपी के अहंकार, जनविरोधी नीतियों, सत्ता के दुरुपयोग और तानाशाहीपूर्ण रवैये को करारा जवाब दिया है। उनके मुताबिक, सीकर, बूंदी, हनुमानगढ़, नागौर, फलोदी और सवाई माधोपुर, इन 6 जिलों में भाजपा अपना खाता तक नहीं खोल पाई।
आंकड़ों के मुताबिक, 419 प्रधानों में से कांग्रेस के 255 यानी 60.86 प्रतिशत प्रधान निर्वाचित हुए, जबकि भाजपा महज 105 यानी 25.06 प्रतिशत सीटों पर सिमट गई। कांग्रेस ने बीजेपी से 150 अधिक प्रधान पदों पर जीत दर्ज की। वोट शेयर में कांग्रेस को 39.15 प्रतिशत और भाजपा को 33.78 प्रतिशत वोट मिले, यानी कांग्रेस को भाजपा से 5.37 प्रतिशत अधिक वोट हासिल हुए। कुल 7,542 पंचायत समिति सदस्यों में कांग्रेस के 3,773 यानी 50.02 प्रतिशत और भाजपा के 2,218 यानी 29.40 प्रतिशत पंचायत समिति सदस्य निर्वाचित हुए।
कहीं आरएलपी तो कहीं निर्दलीय जीते
इन नतीजों में क्षेत्रीय दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों की भी जगह बनी है। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी ने 24 पंचायत समितियों में प्रधान बनाए। भारत आदिवासी पार्टी को 14 सीटें मिलीं। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने दो जगह जीत दर्ज की, जबकि 19 पंचायत समितियों में निर्दलीय उम्मीदवार प्रधान चुने गए।
जयपुर की सांगानेर पंचायत समिति में आरएलपी की सीमा चौधरी प्रधान बनीं। बाड़मेर की शिव पंचायत समिति में रविंद्र सिंह भाटी के समर्थन से कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार ने जीत दर्ज की। कुछ जगह राजनीतिक परिवारों के सदस्यों को भी प्रधान पद मिला। झुंझुनूं की सूरजगढ़ पंचायत समिति में कांग्रेस विधायक श्रवण कुमार की बेटी प्रधान बनीं। भरतपुर में कांग्रेस सांसद संजना जाटव की जेठानी प्रिया जाटव निर्विरोध चुनी गईं। बीकानेर के छतरगढ़ में पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल के बेटे निर्दलीय प्रधान बने। खंडार में कांग्रेस के पूर्व मंत्री अशोक बैरवा के बेटे मयंक बैरवा प्रधान चुने गए, जबकि महेंद्रजीत सिंह मालवीय की पत्नी रेशमा मालवीय चुनाव हार गईं।
डीग की बृज नगर पंचायत समिति में बाती कुमारी गुर्जर ने कांग्रेस, बीजेपी और निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर नामांकन दाखिल किया था। आखिर में बीजेपी के चुनाव चिह्न पर उन्हें निर्विरोध प्रधान घोषित किया गया। इन नतीजों के बाद कांग्रेस को ग्रामीण स्तर पर बड़ी बढ़त मिली है। वहीं बीजेपी के सामने पंचायत समितियों में अपने प्रदर्शन की समीक्षा करने की चुनौती है।