आईएसआई के डिजिटल दुष्प्रचार नेटवर्क का पर्दाफाश, 100 से ज्यादा फर्जी सोशल मीडिया हैंडल से फैलाए गए 28 झूठे दावे

Share

- Advertisement -

New Delhi News: सुरक्षा एजेंसियों ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई की शह पर चल रहे एक बड़े डिजिटल दुष्प्रचार नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। 13 सितंबर से 18 नवंबर के बीच चलाए गए अभियान में 100 से अधिक फर्जी सोशल मीडिया हैंडल पकड़े गए, जिनसे 28 बड़े झूठे दावे फैलाए गए और इन्हें 28 लाख से ज्यादा बार देखा गया।

इस नेटवर्क की सबसे खतरनाक रणनीति दुष्प्रचार को विश्वसनीय खबर का रूप देना रही। इसके लिए भारतीय नामों वाले प्रोफाइल बनाकर झूठे दावे पोस्ट किए गए, फिर सहयोगी खातों से उन्हें बड़े पैमाने पर साझा करवाया गया। इसके बाद आईएसआई से जुड़े मीडिया हैंडल्स और वेबसाइटों ने उन्हीं दावों को विश्वसनीय खबर बनाकर पेश किया। नेटवर्क के सबसे बड़े निशाने पर देश का शीर्ष रक्षा नेतृत्व रहा, और इसका मकसद सेना के भीतर आक्रोश और अविश्वास फैलाना था।

झूठ को खबर बनाकर पेश करने की रणनीति

एजेंसियों के अनुसार इन खातों ने पहले सेना के खिलाफ दुष्प्रचार फैलाया और जब वह नाकाम रहा तो धर्म का कार्ड खेला गया। 10 नवंबर को गाजियाबाद में 5 मस्जिदें गिराने और पुलिस फायरिंग, 15 नवंबर को कोलकाता पुलिस की तरफ से नमाजियों पर गोली चलाने और 17 नवंबर को पश्चिम बंगाल में आरएसएस द्वारा चर्च जलाने व 5 ईसाइयों की मौत के दावे किए गए। ये सभी दावे पूरी तरह काल्पनिक और फर्जी थे। मध्य प्रदेश, झारखंड और पंजाब-हरियाणा सीमा पर 2022 और 2024 की असली झड़पों के वीडियो को भी नई तारीखों के साथ दोबारा पोस्ट किया गया।

सेना पर सीधा हमला

सेना को निशाना बनाकर कई झूठे दावे फैलाए गए। सिख रेजिमेंट के एक मेजर की मेक्सिको में गिरफ्तारी का दावा फैलाया गया, जिसे 5.69 लाख बार देखा गया। एनएसए अजीत डोभाल के 2019 के भाषण से छेड़छाड़ कर अश्लील टिप्पणियों वाला डीपफेक वीडियो प्रसारित किया गया, जिसे 3.89 लाख बार देखा गया। 14 से 16 अक्तूबर के बीच सेना प्रमुख जनरल सेठ को हटाए जाने की अफवाह फैलाई गई, जिसे 78.5 हजार बार देखा गया, और उनके खिलाफ अभद्र टिप्पणी को 88.7 हजार बार देखा गया। सीडीएस का एआई से तैयार वीडियो 45 हजार बार देखा गया, जबकि एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित के नाम पर भी फर्जी वीडियो प्रसारित किया गया। दिल्ली में सेना की तैनाती की अफवाह फैलाकर दंगे भड़काने की कोशिश की गई, जिसे 1.06 लाख बार देखा गया।

आतंकी हमले को फॉल्स फ्लैग बताने की कोशिश

कुलगाम में सीआरपीएफ पर हुए आतंकी हमले, जिसमें 3 जवान घायल हुए थे, के तुरंत बाद नेटवर्क ने इसे भारतीय नेताओं की साजिश बताना शुरू कर दिया। इसके लिए रिटायर्ड वायुसेना अधिकारी प्रफुल्ल बख्शी का डीपफेक वीडियो, जिसे 54 हजार बार देखा गया, और मुख्यधारा के मीडिया की एक फर्जी रिपोर्ट, जिसे 88 हजार बार देखा गया, का सहारा लिया गया।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News