New Delhi News: कृत्रिम बुद्धिमत्ता के बढ़ते इस्तेमाल से अगले पांच साल में दुनियाभर में करीब 2.4 करोड़ नॉलेज-वर्कर नौकरियां प्रभावित हो सकती हैं। जेपी मॉर्गन वेल्थ मैनेजमेंट की ताजा रिपोर्ट के अनुसार कंपनियां कर्मचारियों का काम एआई से करा रही हैं, जिससे हर साल वैश्विक कार्यबल का लगभग 1.3 प्रतिशत हिस्सा प्रभावित होने का अनुमान है।
रिपोर्ट का आकलन है कि इसका सबसे बड़ा असर अमेरिका पर दिख सकता है, जहां दो-तिहाई यानी करीब 1.6 करोड़ नौकरियां यानी सालाना लगभग 30 लाख लोग प्रभावित हो सकते हैं। यह सालाना पेरोल का करीब 2 प्रतिशत होगा, जो 2000 के दशक में विनिर्माण क्षेत्र में हुई छंटनी की रफ्तार से चार गुना अधिक है।
छंटनी नहीं, भर्तियां रुकेंगी
रिपोर्ट ने स्पष्ट किया है कि बड़े पैमाने पर छंटनी के बजाय नई भर्तियां रोकने से यह समायोजन होगा। इसके अलावा, पदों के पूरी तरह खत्म होने के बजाय काम के तरीकों में बदलाव की संभावना अधिक है, क्योंकि एआई फिलहाल किसी नौकरी के केवल कुछ हिस्सों को ही स्वचालित कर सकता है।
भारत में जेन-एआई सीखने की रफ्तार दोगुनी
भारत में एआई कौशल सीखने का रुझान तेजी से बढ़ रहा है। ऑनलाइन लर्निंग प्लेटफॉर्म कोर्सेरा की ग्लोबल स्किल्स रिपोर्ट 2026 के अनुसार, भारत में जेनरेटिव एआई पाठ्यक्रमों में नामांकन की दर दोगुनी होकर 12 प्रति मिनट हो गई है, जबकि यह 2025 में 6 प्रति मिनट थी। इसके साथ ही, कोर्सेरा के नए एआई-ह्यूमन स्किल्स सिनर्जी इंडेक्स में भारत को 98 देशों की सूची में वैश्विक स्तर पर 40वां और एशिया-प्रशांत क्षेत्र में 12वां स्थान मिला है। रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में सालाना आधार पर एआई सिक्योरिटी के नामांकन में 296 प्रतिशत, एजेंटिक वर्कफ्लो में 238 प्रतिशत और जेन-एआई में 125 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। इसके अलावा, एआई कौशल आधारित सर्टिफिकेट नामांकन 181 प्रतिशत बढ़े हैं।