Prayagraj News: प्रयागराज के शिक्षा निदेशालय पर टीजीटी-पीजीटी भर्ती में पुरानी नियमावली की मांग को लेकर धरना दे रहे प्रतियोगी छात्रों से सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल और नवनिर्वाचित एमएलसी डॉ. मानसिंह यादव ने मुलाकात की। सपा नेताओं ने आंदोलनरत छात्रों की मांगों का समर्थन करते हुए राज्य सरकार की नीतियों की आलोचना की।
प्रयागराज स्थित शिक्षा निदेशालय के मुख्य द्वार पर कई दिनों से धरना दे रहे प्रतियोगी छात्रों के समर्थन में समाजवादी पार्टी के नेता पहुंचे। इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक क्षेत्र से नवनिर्वाचित विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) डॉ. मानसिंह यादव और सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने गुरुवार को धरना स्थल पर पहुंचकर छात्रों से बातचीत की और उनकी मांगों को जायज ठहराते हुए अपना समर्थन दिया। टीजीटी और पीजीटी भर्ती प्रक्रिया में पुरानी नियमावली लागू करने की मांग को लेकर छात्र यहां लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं।
छात्रों के संघर्ष में साथ खड़े रहने का भरोसा
धरना दे रहे छात्रों को संबोधित करते हुए नवनिर्वाचित एमएलसी डॉ. मानसिंह यादव ने कहा कि वे जीत का जश्न मनाने के बजाय छात्रों और युवाओं के हक की लड़ाई में उनके साथ खड़ा होना जरूरी समझते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियां शिक्षा, शिक्षक, छात्र, युवा, बेरोजगार और किसान विरोधी हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे छात्रों को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष में उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे। इसके साथ ही उन्होंने अपनी चुनावी जीत के लिए छात्रों और युवाओं का आभार भी व्यक्त किया।
विपक्ष ने लगाया फूट डालने का आरोप
धरना दे रहे प्रतियोगी छात्रों के बीच मतभेद और दो गुटों में बंटने की चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने कहा कि सत्तापक्ष फूट डालो और राज करो की नीति पर काम करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं और बेरोजगारों की समस्याओं का समाधान निकालने के बजाय समस्याएं बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि आज समाज का हर वर्ग मौजूदा नीतियों से परेशान है।
इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष अनिल यादव, महानगर अध्यक्ष इफ्तेखार हुसैन, महासचिव रविंद्र यादव, प्रवक्ता दान बहादुर मधुर, आरएन यादव, तारिक सईद अज्जू, दिलीप सोनी, जगदीश यादव, सचिन श्रीवास्तव और पीयूष श्रीवास्तव समेत कई अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।