Delhi News: संसद के मानसून सत्र के अब अंतिम दो दिन ही शेष बचे हैं। सत्र के 13 अगस्त को समाप्त होने से पहले भी सरकार और विपक्ष के बीच बना राजनीतिक टकराव थमने का नाम नहीं ले रहा है। संसद भवन परिसर में दोनों पक्षों का विरोध प्रदर्शन जारी है।
विपक्षी सांसदों ने संसद परिसर में गृह मंत्री से सदन में आकर जवाब देने की मांग को लेकर जमकर नारेबाजी की। वहीं दूसरी ओर बीजेपी सांसदों ने झारखंड में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को मुद्दा बनाते हुए प्रदर्शन किया और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ जोरदार नारे लगाए।
इससे एक दिन पहले भी विपक्ष और एनडीए के सांसदों ने लगभग एक ही समय पर अलग-अलग मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किया था। इस दौरान दोनों पक्षों के नेता आमने-सामने आ गए थे और टकराव की स्थिति बन गई थी। हालांकि आज अब तक सीधा टकराव देखने को नहीं मिला है।
संसदीय कार्यवाही के अंतिम दो दिनों में भी कोई पक्ष अपने रुख से पीछे हटने को तैयार नहीं दिख रहा है। गतिरोध के चलते आज भी संसद के दोनों सदनों में भारी हंगामे के पूरे आसार बने हुए हैं, जिससे महत्वपूर्ण विधायी कार्य प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।