Hamirpur News: हमीरपुर लोकसभा सीट से सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने शनिवार को अपना 51वां जन्मदिन धूमधाम से मनाया। उन्होंने पांच बार संसद भेजने के लिए हमीरपुर और पूरे हिमाचल की जनता का दिल से आभार जताया। उन्होंने कहा कि वे भविष्य में भी इसी तरह जनसेवा करते रहेंगे।
जन्मदिन के अवसर पर अनुराग ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर जमकर राजनीतिक प्रहार किए। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार से कर्मचारियों और खिलाड़ियों को उनका वाजिब हक नहीं मिल पा रहा है। कर्मचारियों को पांच प्रतिशत डीए मिलने पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि चलो कुछ तो मिला।
गांधी चौक पर उमड़े भाजपा कार्यकर्ता, उत्कृष्ट महिला खिलाड़ियों को मिला सम्मान
हमीरपुर के गांधी चौक पर आयोजित भव्य समारोह में बधाई देने के लिए बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक जुटे। इस दौरान विधायक इंद्रदत्त लखनपाल, आशीष शर्मा और पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री मौजूद रहे। हालांकि सुजानपुर के पूर्व विधायक राजेंद्र राणा कार्यक्रम स्थल पर नजर नहीं आए।
इस खास मौके पर जिला भाजपा इकाई द्वारा खेल जगत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिला खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया गया। देश और प्रदेश का नाम रोशन करने वाली इन महिला प्रतिभाओं को भविष्य के लिए प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों और स्थानीय कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।