Khatima News: आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के गृह क्षेत्र खटीमा में अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। क्षेत्र के ओबीसी (OBC) मतदाताओं के बीच पैठ मजबूत करने की रणनीति के तहत मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार को खटीमा पहुंच रहे हैं, जहां वे मेलाघाट क्षेत्र स्थित अशोक फार्म में भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
साल 2022 के विधानसभा चुनाव में तत्कालीन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को खटीमा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी भुवन चंद्र कापड़ी के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। इस बार पार्टी इस सीट पर दोबारा कब्जा जमाने के लिए जातीय और सामाजिक समीकरणों को साधने में जुटी है।
ओबीसी और पूर्वांचल समाज को एकजुट करने की रणनीति
खटीमा विधानसभा क्षेत्र में ओबीसी वर्ग के करीब 10 हजार मतदाता हैं, जिनमें यादव, मौर्य और राजभर समाज की बड़ी हिस्सेदारी है। क्षेत्र के बंडिया, नौसर, सत्रहमील, सिसैया, खिलाड़िया, खाली महुवट, झनकईया, झाऊपरसा, बगुलिया, अशोक फार्म और मेलाघाट जैसे इलाकों में ओबीसी और पूर्वांचल समाज के लोग बड़ी संख्या में निवास करते हैं।
भाजपा इस सम्मेलन के माध्यम से इन सभी क्षेत्रों के मतदाताओं को एकजुट कर अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने की तैयारी में है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी लगातार विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए क्षेत्र में सक्रिय हैं और लोगों से सीधा संवाद कर रहे हैं। पार्टी को उम्मीद है कि मोहन यादव के दौरे से ओबीसी समाज के बीच संपर्क बढ़ाने में बड़ी मदद मिलेगी।
आयोजन की तैयारियों में जुटे पार्टी पदाधिकारी
इस कार्यकर्ता सम्मेलन को सफल बनाने की जिम्मेदारी जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य को सौंपी गई है। वे लगातार क्षेत्र में जनसंपर्क कर लोगों से कार्यक्रम में पहुंचने की अपील कर रहे हैं। इसके अलावा भाजयुमो के प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश भट्ट भी आयोजन की तैयारियों में सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। पार्टी आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित कर संगठन की मजबूती और जनसमर्थन का प्रदर्शन करना चाहती है।
जेनी कांड पर गरमाई सियासत, अरविंद पांडे ने की उच्चस्तरीय जांच की मांग
दूसरी ओर, उत्तराखंड में चर्चित ‘जेनी कांड’ को लेकर भी राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। बुधवार को पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं गदरपुर से भाजपा विधायक अरविंद पांडे ने इस घटना को बेहद निंदनीय और चिंताजनक बताते हुए मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
अरविंद पांडे ने कहा कि इस घटना की सच्चाई सामने आनी चाहिए और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड अपनी समृद्ध संस्कृति, सभ्यता और शांतिप्रिय वातावरण के लिए विश्वभर में जाना जाता है, ऐसे में इस तरह की घटनाएं प्रदेश की छवि और सामाजिक सौहार्द के लिए चिंताजनक हैं। इसके साथ ही उन्होंने इस मामले में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का नाम घसीटे जाने पर कड़ी आपत्ति जताई और उन पर लगाए जा रहे आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया।