Patna News: जन सुराज पार्टी के नेता और चर्चित यूट्यूबर मनीष कश्यप उर्फ त्रिपुरारी कुमार तिवारी ने अपनी मंगेतर अनुष्का शर्मा के साथ बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से शिष्टाचार मुलाकात की। लोकसेवक आवास पर हुई इस भेंट के दौरान दोनों ने मुख्यमंत्री को श्रीमद्भगवद्गीता भेंट की और उनका आशीर्वाद लिया।
मनीष कश्यप ने इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए इसे अपने जीवन का बेहद खास और यादगार पल बताया। उन्होंने कहा कि रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल’ (Rise and Fall) में हिस्सा लेने के बाद बिहार लौटने पर उन्होंने अपनी होने वाली जीवनसंगिनी के साथ मुख्यमंत्री से मिलकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
सोशल मीडिया पर शेयर की मुलाकात की जानकारी
मनीष कश्यप ने अपनी पोस्ट में लिखा कि इस खास मौके पर उन्होंने और उनकी मंगेतर ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को भारतीय संस्कृति, ज्ञान और जीवन दर्शन के प्रतीक के रूप में श्रीमद्भगवद्गीता सप्रेम भेंट की। उन्होंने मुख्यमंत्री से मिले स्नेह और सम्मान के लिए आभार भी व्यक्त किया।
5 नवंबर को सार्वजनिक किया था रिश्ता, 2027 में होगी शादी
यूट्यूब वीडियो के जरिए पहचान बनाने वाले मनीष कश्यप इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी सुर्खियों में हैं। उन्होंने 5 नवंबर को सोशल मीडिया पर रोमांटिक तस्वीरें साझा कर अनुष्का शर्मा के साथ अपने रिश्ते को सार्वजनिक किया था। दोनों ने वर्ष 2027 में शादी करने का ऐलान किया है। इससे पहले दोनों ने साथ में दीपावली मनाते हुए दीप जलाने और फुलझड़ी चलाने के वीडियो भी शेयर किए थे।
उम्र के फासले पर बात करते हुए मनीष कश्यप ने खुद बताया था कि वे 34 वर्ष के हैं, जबकि अनुष्का 22 वर्ष की हैं। दोनों के बीच 12 साल का अंतर है, जिस पर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं होती हैं। हालांकि, मनीष का कहना है कि इस बात से उन दोनों को कोई फर्क नहीं पड़ता और वे अपने फैसले से पूरी तरह संतुष्ट हैं।
पत्रकारिता से राजनीति तक का सफर
पश्चिम चंपारण जिले के चनपटिया विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत डुमरी महनवा गांव के निवासी मनीष कश्यप ने आम लोगों की समस्याओं पर वीडियो बनाकर पहचान बनाई थी। इसके बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा और शुरुआत में भाजपा से जुड़े। लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान नाराजगी के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें मना लिया था।
हालांकि, 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव से पहले वे प्रशांत किशोर की ‘जन सुराज पार्टी’ में शामिल हो गए। पार्टी ने उन्हें चनपटिया सीट से मैदान में उतारा, जहां उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद वे 37 हजार से अधिक वोट हासिल कर तीसरे स्थान पर रहे और सबसे अधिक मत पाने वाले जन सुराज उम्मीदवार बने। जानकारी के अनुसार, उनकी होने वाली पत्नी अनुष्का शर्मा भी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की पृष्ठभूमि से जुड़ी रही हैं।