Mathura News: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में समाजवादी पार्टी के एक स्थानीय नेता का कथित चैट स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल होने से सियासी माहौल गरमा गया है। चैट में नेता ने महिला की तारीफ करते हुए वादा किया कि सपा सरकार बनते ही मुख्यमंत्री से सिफारिश कर उन्हें सीधे आईएएस बनवाएंगे।
चैट में खूबसूरती की तारीफ और सीधे आईएएस बनाने का वादा
वायरल संदेश सपा नेता डॉ. राजन रिजवी का बताया जा रहा है। इसमें उन्होंने महिला के काम और व्यक्तित्व की प्रशंसा करते हुए लिखा कि यह जॉब उनके अनुरूप नहीं है। उन्होंने आगे दावा किया कि भविष्य में राजनीति में आगे बढ़ने और सपा सरकार बनने पर वे मुख्यमंत्री से डेपुटेशन के आधार पर उन्हें आईएएस बनवाएंगे।
स्क्रीनशॉट सामने आने के बाद राष्ट्रीय लोक दल के नेता रोहित अग्रवाल ने समाजवादी पार्टी पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आईएएस जैसे शीर्ष पदों पर चयन निष्पक्ष संवैधानिक व्यवस्था और यूपीएससी परीक्षा के जरिए होता है। किसी राजनीतिक दल या नेता की मर्जी से प्रशासनिक पदों पर मनमानी नियुक्तियां संभव नहीं हैं।
विपक्षी दलों ने प्रशासनिक व्यवस्था के दुरुपयोग पर उठाए सवाल
रालोद प्रवक्ता ने तंज कसते हुए कहा कि सत्ता में न होने पर भी सपा नेताओं की ऐसी मानसिकता है, तो सत्ता मिलने पर कानून का क्या हाल होगा। इस विवादित वादे के बाद सपा के लिए असहज स्थिति बन गई है। विपक्षी दल इसे प्रशासनिक गरिमा से खिलवाड़ बताते हुए सरकार को घेर रहे हैं।