Kangra News: हिमाचल प्रदेश सरकार के उपमुख्य सचेतक एवं शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया ने लंज प्रवास के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का निरीक्षण किया। उन्होंने करीब तीन लाख रुपये की लागत से लगी आधुनिक डेंटल चेयर जनता को समर्पित की। उन्होंने निर्माणाधीन भवन की समीक्षा की और लोगों की समस्याएं भी सुनीं।
निरीक्षण के दौरान केवल सिंह पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण इलाकों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं दे रही है। अस्पतालों में आधुनिक मशीनें और उपकरण लगाकर आधारभूत ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। इससे ग्रामीणों को अपने क्षेत्र में ही तुरंत बेहतर इलाज मिल सकेगा।
उपमुख्य सचेतक ने अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई और मरीजों की सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने डॉक्टरों और कर्मचारियों को संवेदनशीलता के साथ गुणवत्तापूर्ण इलाज देने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी और व्यवस्था दुरुस्त रहनी चाहिए।
पठानिया ने लंज सीएचसी में सोमवार तक आरवीजी डिजिटल डेंटल एक्स-रे की सुविधा शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने इसके लिए आवश्यक 1 लाख 10 हजार रुपये अपने स्तर पर देने की घोषणा की। इसके अलावा जल्द ही अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन स्थापित होगी, जिससे हजारों स्थानीय ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी।
केवल सिंह पठानिया ने निर्माणाधीन नए सीएचसी भवन के निर्माण कार्य की प्रगति भी देखी। उन्होंने अधिकारियों को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। लंज क्षेत्र के लिए जल्द इलेक्ट्रिक बस सेवा को हरी झंडी दिखाई जाएगी, जिससे स्थानीय निवासियों को पर्यावरण अनुकूल और सुगम परिवहन सुविधा का लाभ मिलेगा।