Hamirpur News: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिला स्थित बड़सर में 80वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने तिरंगा फहराकर परेड की सलामी ली। इस दौरान सीएम ने कर्मचारियों के बकाया एरियर भुगतान और जल शक्ति विभाग में 4000 पदों पर भर्ती का बड़ा एलान किया।
कार्यक्रम स्थल पहुंचने पर मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत हुआ। इस ऐतिहासिक परेड में पहली बार हरियाणा पुलिस की टुकड़ी ने भी भाग लिया। जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के समग्र विकास में सेवारत और रिटायर्ड कर्मचारियों का अहम योगदान है। सरकार हमेशा उनके हितों के प्रति पूरी तरह गंभीर है।
पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व सरकार 10 हजार करोड़ से अधिक की देनदारी छोड़ गई थी। इसके बावजूद वर्तमान सरकार अब तक 2170 करोड़ रुपये से अधिक के वेतन और पेंशन एरियर दे चुकी है। कठिन वित्तीय हालात में भी कर्मचारियों के हक का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने एलान किया कि क्लास-फोर कर्मचारियों को इसी महीने वेतन एरियर के 20 हजार रुपये मिलेंगे। 2016 से 2021 के बीच रिटायर हुए क्लास-थ्री पेंशनर्स को 30 फीसदी एरियर दिया जाएगा। इसके अलावा क्लास-वन और क्लास-टू पेंशनर्स को इसी माह 15 फीसदी एरियर मिलेगा। इस पर कुल 281 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
रोजगार और स्वास्थ्य क्षेत्र पर बात करते हुए सीएम ने कहा कि जल शक्ति विभाग में 4,000 पद भरे जाएंगे। इससे युवाओं को नौकरी मिलेगी। स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत रखने के लिए 31 मार्च 2027 तक किसी डॉक्टर को रिटायर नहीं किया जाएगा। सीएम ने सभी प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं भी दीं।