हिमाचल प्रदेश सरकार युवाओं को विदेश में रोजगार दिलाने के लिए शुरू करेगी विदेशी भाषाओं के नए पाठ्यक्रम

Share

- Advertisement -

Shimla News: हिमाचल प्रदेश सरकार विदेशों में नौकरी के इच्छुक युवाओं के लिए विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण शुरू करने की तैयारी कर रही है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कामगार कल्याण बोर्ड के जरिए विदेशी भाषा के कोर्स शुरू करने की संभावनाएं तलाशने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।

शुक्रवार को आयोजित एक उच्च स्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को भाषा का बेहतर प्रशिक्षण देकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर प्रदान किए जाएंगे। सरकार हिमाचल प्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम (एचपीएसईडीसी) के माध्यम से युवाओं को विदेशों में काम दिलाने में पूरी सहायता कर रही है।

विदेशों में काम कर रहे युवाओं की सुरक्षा का प्रबंध

मुख्यमंत्री सुक्खू ने बताया कि राज्य सरकार विदेशों में कार्यरत हिमाचली युवाओं की सुरक्षा और कल्याण के लिए एक डिजिटल प्लेटफॉर्म तैयार कर रही है। इस प्लेटफॉर्म से प्रवासी युवाओं के साथ संपर्क बनाए रखने और आपात स्थिति में मदद देने में आसानी होगी। एचपीएसईडीसी को इसके लिए रिक्रूटमेंट एजेंसी का लाइसेंस भी मिल गया है।

सरकार अन्य देशों में भी रोजगार के नए रास्ते तलाश रही है ताकि युवाओं को बेहतरीन सैलरी पैकेज मिल सके और उनका शोषण न हो। मुख्यमंत्री ने श्रम एवं रोजगार विभाग की योजनाओं को बेहतर मॉनिटरिंग के लिए सीएम डैशबोर्ड पर अपलोड करने का निर्देश दिया। इससे योजनाओं की प्रगति पर नजर रखना आसान हो जाएगा।

जनजातीय विकास और वनाधिकार मामलों की समीक्षा

बैठक में मुख्यमंत्री ने जनजातीय विकास विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा भी की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वनाधिकार अधिनियम (एफआरए) से जुड़े सभी मामलों की अद्यतन स्थिति को मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराया जाए, जिससे मामलों के निपटारे में तेजी लाई जा सके।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News