Shimla News: हिमाचल प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलों ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। कुल्लू से कांग्रेस विधायक सुंदर सिंह ठाकुर के मंत्री बनने की संभावनाएं काफी बढ़ गई हैं। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के ताजा सार्वजनिक बयान के बाद प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में इस विषय पर हलचल तेज हो गई है।
कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र के एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सुक्खू ने मंच से सुंदर सिंह ठाकुर की तरफ इशारा किया। उन्होंने कहा कि ‘ये जल्द मंत्री बनने वाले हैं।’ सीएम के इस खुले बयान के बाद राज्य में कैबिनेट विस्तार को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं। उस दौरान मंच पर मंत्री अनिरुद्ध सिंह भी मौजूद थे।
वर्तमान में प्रदेश सरकार के मंत्रिमंडल में एक मंत्री का पद खाली चल रहा है। मुख्यमंत्री ने पहले कहा था कि हाईकमान की मंजूरी के बाद ही विस्तार का निर्णय होगा। लेकिन अब सुंदर सिंह ठाकुर के नाम पर सीएम के इस सीधे बयान ने कयासों को सच के करीब पहुंचा दिया है।
यदि जल्द ही मंत्रिमंडल का विस्तार होता है तो विधानसभा के मानसून सत्र में उपाध्यक्ष का पद भी भरा जा सकता है। विनय कुमार के प्रदेशाध्यक्ष बनने और इस्तीफा देने से यह पद रिक्त है। इसके साथ ही कई मंत्रियों के विभागों में बड़े फेरबदल की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
हिमाचल में सरकार के कार्यकाल का अब लगभग सवा साल ही बचा है। ऐसे में माना जा रहा है कि सत्ता और संगठन में होने वाले ये बदलाव आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति के तहत किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री सुक्खू के इस बयान के बाद राज्य में राजनीतिक सरगर्मियां लगातार चरम पर हैं।