हिमाचल प्रदेश में कैबिनेट विस्तार को लेकर जारी सस्पेंस जल्द खत्म होगा, सुंदर सिंह ठाकुर लेंगे मंत्री पद की शपथ

Share

- Advertisement -

Shimla News: हिमाचल प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलों पर अब विराम लगने जा रहा है। शिमला के चौड़ा मैदान से मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस संबंध में बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर जल्द कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ लेंगे।

मंत्रिमंडल विस्तार के बारे में जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में जल्द ही नए मंत्रियों की एंट्री और विभागों में बदलाव देखने को मिलेगा। उन्होंने बताया कि पॉलिटिकल अफेयर कमेटी की बैठक के बाद अंतिम फैसला होगा। हालांकि, मंजूरी मिलने पर सुंदर सिंह ठाकुर की शपथ इस बैठक से पहले भी हो सकती है।

- Advertisement -

फिलहाल पॉलिटिकल अफेयर कमेटी की बैठक की समयसीमा तय नहीं हुई है। बता दें कि सुक्खू ने तीन-चार दिन पहले ही सार्वजनिक मंच से सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्री बनाने का ऐलान किया था। कसौली में होने वाली इस बैठक की तारीख पहले भी बदली जा चुकी है। संसद के मॉनसून सत्र में हाईकमान की व्यस्तता के कारण बैठक टली है।

सुंदर सिंह ठाकुर सुक्खू सरकार में मुख्य संसदीय सचिव रह चुके हैं। हालांकि, अदालत द्वारा सीपीएस की नियुक्ति को अवैध ठहराए जाने के बाद उन्हें पद छोड़ना पड़ा था। 5 मई 1965 को कुल्लू के शलांग में जन्मे सुंदर सिंह ने बीएससी और वकालत की पढ़ाई की है। वे व्यवसाय से बागवान और होटल कारोबारी हैं।

हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री समेत कुल 12 पद स्वीकृत हैं, जिसमें से सुक्खू सरकार ने शुरुआत में आठ पद भरे थे। बाद में राजेश धर्माणी और यादवेंद्र गोमा को शामिल किया गया, लेकिन बीते पौने चार साल से एक पद खाली चल रहा है। उधर, सीएम ने बताया कि प्रियंका गांधी 14 अगस्त को शिमला आ सकती हैं।

- Advertisement -
Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News