Chandigarh News: हरियाणा सिविल सचिवालय में आज मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में राज्य मंत्रिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी। सुबह 11 बजे शुरू होने वाली इस बैठक में गुजरात दौरे से मिले करीब 25 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों को जमीन पर उतारने की रणनीति तैयार की जाएगी। साथ ही कर्मचारियों के डीए और प्रशासनिक नीतियों से जुड़े कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा होगी।
हरियाणा सरकार की महत्वपूर्ण कैबिनेट बैठक आज, 3 नवंबर को हरियाणा सिविल सचिवालय, चंडीगढ़ में सुबह 11:00 बजे आयोजित की जाएगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक को लेकर मुख्य सचिव कार्यालय ने आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। हालांकि बैठक का विस्तृत एजेंडा अभी जारी नहीं किया गया है, लेकिन प्रशासनिक और आर्थिक दृष्टि से इस बैठक को बेहद अहम माना जा रहा है।
25 हजार करोड़ के निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारने की तैयारी
सूत्रों के मुताबिक, बैठक में मुख्यमंत्री के हालिया गुजरात दौरे के दौरान मिले करीब 25 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों पर विशेष रणनीति बनाई जाएगी। इन प्रस्तावों में प्रमुख रूप से सेमीकंडक्टर, कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र शामिल हैं। इन निवेश परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और धरातल पर उतारने के लिए संबंधित विभागों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी जा सकती हैं।
कर्मचारी हित और प्रशासनिक नीतियों पर मुहर संभव
कैबिनेट बैठक में राज्य कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी और हरियाणा रोडवेज कर्मचारियों की प्रस्तावित दो दिवसीय हड़ताल से जुड़े मसलों पर भी विचार-विमर्श होने की प्रबल संभावना है। इसके अतिरिक्त विभिन्न विभागों से जुड़े विकास कार्यों, प्रशासनिक निर्णयों और जनहितैषी नई नीतियों के मसौदों पर मंत्रिमंडल की मुहर लग सकती है।
उल्लेखनीय है कि 5 नवंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का हरियाणा दौरा प्रस्तावित है, जिसके तहत वे करनाल में पदयात्रा और अंबाला में 1857 की क्रांति के ऐतिहासिक शहीद स्मारक के लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होंगे। केंद्रीय गृह मंत्री के दौरे से ठीक दो दिन पहले हो रही इस कैबिनेट बैठक को सियासी और विकास दोनों लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।