सीएम सुक्खू के अचानक दिल्ली दौरे से हिमाचल में बढ़ी हलचल, कैबिनेट विस्तार और विभागों के फेरबदल पर चर्चा संभव

Share

- Advertisement -

Shimla News: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के अचानक दिल्ली दौरे से राज्य में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री गुरुवार दोपहर बाद दिल्ली के लिए रवाना हो गए। वह अगले तीन-चार दिनों तक शिमला सचिवालय में जनता के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे।

स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे मुलाकात के लिए इस दौरान शिमला सचिवालय न आएं। मुख्यमंत्री शुक्रवार को नई दिल्ली में कांग्रेस हाईकमान के शीर्ष नेतृत्व के साथ महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। इस बैठक में कई बड़े प्रशासनिक फैसलों पर चर्चा होगी।

कैबिनेट विस्तार और विभागों के फेरबदल पर होगी चर्चा

दिल्ली में होने वाली बैठक में प्रदेश में खाली पड़े कैबिनेट मंत्री के पद को भरने, संभावित कैबिनेट विस्तार और कुछ मौजूदा मंत्रियों के विभागों में फेरबदल को लेकर विस्तृत चर्चा होने की संभावना है। इसके अलावा लंबे समय से खाली चल रहे विधानसभा उपाध्यक्ष के पद पर भी नाम तय हो सकता है।

मानसून सत्र से पहले संगठन और सरकार में ये बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। कैबिनेट के खाली पद के लिए कुल्लू से विधायक सुंदर सिंह ठाकुर का नाम सबसे आगे चल रहा है। मुख्यमंत्री पहले भी सुंदर सिंह ठाकुर को मंत्रिमंडल में शामिल करने के संकेत दे चुके हैं, जिससे समर्थकों में काफी उत्साह है।

दिल्ली दौरे के बाद चंबा के मिंजर मेले में जाएंगे सीएम

दिल्ली दौरे का समापन करने के बाद मुख्यमंत्री सीधे चंबा जाएंगे। वहां उनके एक से दो दिन रुकने का कार्यक्रम है। चंबा प्रवास के दौरान वह ऐतिहासिक और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध मिंजर मेले के विभिन्न आयोजनों में शिरकत करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री के दो या तीन अगस्त को शिमला लौटने की संभावना है।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News