Ambala News: हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने अंबाला छावनी में शहीद स्मारक और गांधी ग्राउंड का निरीक्षण कर प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा की। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 5 नवंबर को 1857 की क्रांति के शहीदों को समर्पित 22 एकड़ के भव्य स्मारक का लोकार्पण करेंगे और विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।
हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने आगामी 5 नवंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर अंबाला छावनी में चल रही तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक की और कार्यक्रम स्थल का दौरा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अंबाला छावनी में नवनिर्मित ‘आजादी की पहली लड़ाई के शहीद स्मारक-1857’ का औपचारिक लोकार्पण करेंगे। इसके बाद वह गांधी ग्राउंड में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने उपायुक्त सचिन गुप्ता के साथ गांधी ग्राउंड का निरीक्षण कर मुख्य मंच, बैठक व्यवस्था, कलाकारों के मंच, मीडिया गैलरी और पार्किंग स्थलों का बारीकी से मुआयना किया। उन्होंने जनसभा में आने वाले नागरिकों के लिए पेयजल, बिजली और सुचारू आवागमन की व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए।
22 एकड़ में बना स्मारक, 22 गैलरियों में दिखेगी 1857 की क्रांति
ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने बताया कि लगभग 22 एकड़ में फैला यह शहीद स्मारक 1857 की क्रांति के वीर शहीदों और गुमनाम सेनानियों के बलिदान को सम्मान देने की ऐतिहासिक पहल है। इस स्मारक में क्रांति से जुड़े घटनाक्रमों को 22 आधुनिक गैलरियों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। इसके साथ ही देश की आजादी के लिए सर्वस्व न्योछावर करने वाले लगभग 700 शहीदों के नाम सुनहरे अक्षरों में अंकित किए जा रहे हैं, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके संघर्ष और योगदान से प्रेरणा ले सकें।
अधिकारियों को समयबद्ध तैयारी के निर्देश
इससे पूर्व सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के आयुक्त एवं सचिव के. मकरंद पांडुरंग की मौजूदगी में शहीद स्मारक पर अधिकारियों की उच्चस्तरीय बैठक हुई। उन्होंने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। इस मौके पर जिला परिषद सीईओ गगनदीप सिंह, एडीपीआर मनीष लौहान, शहीद स्मारक के निदेशक डॉ. कुलदीप सैनी और एसडीएम शिवजीत भारती सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।