Jaipur News: राजस्थान पंचायत राज चुनाव के नतीजों के बाद जयपुर स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में जश्न का माहौल देखा गया। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली को बांहों में भरकर ऊपर उठा लिया। दोनों नेताओं ने गले मिलकर जीत की खुशी जताई और खुद को फिल्म ‘शोले’ के जय और वीरू की जोड़ी बताया।
राजस्थान में पंचायत राज चुनाव के नतीजों के बाद कांग्रेस खेमे में उत्साह है। इसी बीच जयपुर स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से सामने आया एक वीडियो चर्चा में है। चुनाव परिणाम आने के बाद नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली जैसे ही कार से उतरकर प्रदेश कार्यालय पहुंचे, वहां पहले से मौजूद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने आगे बढ़कर उनका स्वागत किया।
डोटासरा ने जूली को बांहों में भरकर गोद में उठा लिया। इसके बाद दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को गले लगाया और कैमरों के सामने विक्ट्री साइन दिखाकर जीत की खुशी जाहिर की। इस दौरान मौके पर मौजूद अन्य कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं में भी खासा उत्साह नजर आया।
खुद को बताया फिल्म ‘शोले’ के जय और वीरू
जश्न के इस मौके पर दोनों नेताओं ने अपनी जोड़ी की तुलना फिल्म ‘शोले’ के चर्चित किरदारों जय और वीरू से की। उन्होंने कहा कि हम जय-वीरू की जोड़ी हैं। पार्टी के भीतर इस घटनाक्रम को दोनों शीर्ष नेताओं के बीच बेहतर तालमेल और एकजुटता के संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
चुनाव प्रचार में दोनों नेताओं की रही अहम भूमिका
पंचायत राज चुनाव के दौरान गोविंद सिंह डोटासरा और टीकाराम जूली ने मिलकर पार्टी के पक्ष में माहौल तैयार किया। डोटासरा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हैं, जबकि टीकाराम जूली राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
दोनों नेताओं ने चुनाव प्रचार के दौरान प्रमुख मुद्दों को उठाया और राज्य की भाजपा सरकार को घेरने के लिए साथ मिलकर काम किया। कांग्रेस की ओर से चुनाव में इस प्रदर्शन का श्रेय दोनों नेताओं के संयुक्त प्रयासों को दिया जा रहा है।