Sultanpur News: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और रायबरेली के सांसद राहुल गांधी के खिलाफ दायर मानहानि के मुकदमे में सुलतानपुर की एमपी-एमएलए अदालत 26 अक्टूबर को फैसला सुनाएगी। गृह मंत्री अमित शाह पर कर्नाटक चुनाव के दौरान दिए गए बयान को लेकर यह परिवाद दर्ज हुआ था। फैसले के दौरान राहुल गांधी अदालत में मौजूद रहेंगे।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष व रायबरेली के सांसद राहुल गांधी के खिलाफ विचाराधीन मानहानि के एक मामले में सुलतानपुर की एमपी-एमएलए मजिस्ट्रेट अदालत 26 अक्टूबर को अपना निर्णय सुनाएगी। विशेष मजिस्ट्रेट शुभम वर्मा ने अभियोजन और बचाव पक्ष की विस्तृत बहस व कानूनी दलीलें सुनने के बाद पत्रावली को निर्णय के लिए सुरक्षित रख लिया था। फैसले के समय राहुल गांधी अदालत में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहेंगे।
यह प्रकरण कर्नाटक विधानसभा चुनाव के दौरान राहुल गांधी की ओर से की गई एक प्रेस वार्ता से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि उन्होंने इस दौरान भाजपा के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष और वर्तमान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इस बयान से आहत होकर स्थानीय भाजपा नेता विजय मिश्रा ने सुलतानपुर की दीवानी अदालत में परिवाद दाखिल किया था।
लंबी बहस के बाद सुरक्षित हुआ था फैसला
अदालत में गवाहों और आरोपी के बयान दर्ज होने के बाद यह मामला कांग्रेस नेता की आवाज के मिलान (वॉइस टेस्ट) के बिंदु पर उच्च न्यायालय तक भी पहुंचा था, जहां परिवादी की याचिका खारिज हो गई थी। इसके बाद एमपी-एमएलए कोर्ट में बचाव पक्ष के अधिवक्ता काशी प्रसाद शुक्ल और अभियोजन पक्ष के अधिवक्ता संतोष पांडेय के बीच लंबी बहस चली। दो पेशियों तक शेष बहस पूरी होने के उपरांत अदालत ने 26 अक्टूबर की तारीख निर्णय के लिए तय की।
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के रास्ते पहुंचेंगे राहुल गांधी
कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा और प्रदेश प्रवक्ता राजेश तिवारी के अनुसार, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सोमवार पूर्वाह्न 11 बजे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के रास्ते सुलतानपुर पहुंचेंगे। उनके आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह स्वागत की तैयारियां की हैं।
रविवार को पार्टी पदाधिकारियों ने बैठक कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया। इस बैठक में पूर्व राष्ट्रीय सचिव बीपी सिंह, शहर अध्यक्ष शकील अंसारी, पूर्व जिला प्रभारी अनीश खान, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ओपी चौधरी, वरुण मिश्रा और अनवर अंसारी समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।