Moradabad News: दीपावली और छठ पर्व पर घर जाने वाले यात्रियों के लिए ट्रेनों में कन्फर्म सीट पाना मुश्किल हो गया है। पूर्वांचल, बिहार और बंगाल जाने वाली नियमित ट्रेनों में लंबी वेटिंग के चलते यात्री स्पेशल ट्रेनों का रुख कर रहे हैं। हालांकि, इन विशेष ट्रेनों में नियमित ट्रेनों की तुलना में डेढ़ गुना तक अधिक किराया चुकाना पड़ रहा है।
दीपावली और लोकआस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर घर जाने की तैयारी कर रहे रेल यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। वाराणसी, अयोध्या, गोरखपुर, बिहार और पश्चिम बंगाल की ओर जाने वाली अधिकांश नियमित ट्रेनों में सीटें पूरी तरह भर चुकी हैं और कन्फर्म टिकट मिलना बेहद चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा है। नियमित ट्रेनों में लंबी प्रतीक्षा सूची (वेटिंग लिस्ट) के चलते यात्रियों को रेलवे द्वारा चलाई जा रही स्पेशल ट्रेनों का सहारा लेना पड़ रहा है।
त्योहारी सीजन में घर पहुंचने की मजबूरी के बीच स्पेशल ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों की जेब पर अतिरिक्त भार पड़ रहा है। इन विशेष ट्रेनों में सामान्य ट्रेनों की तुलना में करीब डेढ़ गुना तक अधिक किराया वसूला जा रहा है। इसके बावजूद ट्रेनों के समय से गंतव्य तक पहुंचने को लेकर अनिश्चितता बनी रहती है।
त्योहारों पर रेलवे ने चलाईं स्पेशल ट्रेनें
रेलवे प्रशासन ने दिवाली और छठ पूजा के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को नियंत्रित करने के उद्देश्य से एक अक्टूबर से नवंबर के अंत तक विभिन्न मार्गों पर विशेष ट्रेनों का संचालन शुरू किया है। इस दौरान मुरादाबाद रेलवे स्टेशन से होकर भी कई प्रमुख स्पेशल ट्रेनें गुजर रही हैं। इन ट्रेनों से पूर्वांचल और बिहार जाने वाले मुसाफिरों को यात्रा का अतिरिक्त विकल्प तो मिला है, लेकिन अधिक किराये के चलते यात्रियों का बजट बिगड़ रहा है।
नियमित और स्पेशल ट्रेनों के किराये में बड़ा अंतर
मुरादाबाद से विभिन्न रूटों पर चलने वाली नियमित और स्पेशल ट्रेनों के किराये में उल्लेखनीय अंतर देखने को मिल रहा है। उदाहरण के तौर पर, मुरादाबाद से पटना जाने वाली नियमित ट्रेन के थर्ड एसी का किराया 1,215 रुपये है, जबकि उसी रूट की स्पेशल ट्रेन में यात्रियों को 1,545 रुपये चुकाने पड़ रहे हैं। इसी तरह स्लीपर श्रेणी का सामान्य किराया 455 रुपये है, जो स्पेशल ट्रेन में बढ़कर 545 रुपये हो जाता है।
वाराणसी रूट पर भी किराये का ऐसा ही अंतर सामने आ रहा है। मुरादाबाद से वाराणसी जाने वाली कुंभ एक्सप्रेस के थर्ड एसी का किराया 1,155 रुपये, देहरादून-वाराणसी एक्सप्रेस का 1,000 रुपये, बेगमपुरा एक्सप्रेस का 1,015 रुपये और अमृतसर-हावड़ा मेल का किराया 985 रुपये है। इसके विपरीत, दिल्ली-वाराणसी स्पेशल और फिरोजपुर कैंट-पटना स्पेशल ट्रेन के थर्ड एसी में यात्रा करने पर प्रति यात्री 1,270 रुपये का किराया लग रहा है। नियमित ट्रेनों में जगह न मिलने के कारण मजबूरी में यात्रियों को महंगा टिकट खरीदना पड़ रहा है।