New Delhi News: दिल्ली पुलिस के ‘मिशन शक्ति’ अभियान के तहत दौलत राम कॉलेज में 200 छात्राओं ने आत्मरक्षा के व्यावहारिक गुर प्रदर्शित किए। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कार्यक्रम में पहुंचकर उत्तर जिला पुलिस की इस पहल की समीक्षा की। इस अभियान के तहत 1 जनवरी से 27 अक्टूबर 2026 तक 16,520 छात्राओं को प्रशिक्षित किया जा चुका है।
दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस स्थित दौलत राम कॉलेज में मंगलवार को दिल्ली पुलिस के ‘मिशन शक्ति’ अभियान के तहत एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की छात्राओं ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। कार्यक्रम में 200 छात्राओं ने आत्मरक्षा की अपनी ट्रेनिंग, अनुशासन और आत्मविश्वास का प्रदर्शन करते हुए विभिन्न तकनीकों और करतबों को प्रस्तुत किया।
इन छात्राओं को उत्तर जिला पुलिस की परिवर्तन टीम द्वारा ‘मिशन शक्ति’ के अंतर्गत प्रशिक्षित किया गया था। प्रदर्शन के दौरान छात्राओं ने बताया कि आपातकालीन परिस्थितियों में खुद की सुरक्षा के लिए यह प्रशिक्षण कितना प्रभावी साबित होता है। मुख्यमंत्री ने छात्राओं से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा महिलाओं की सुरक्षा, आत्मविश्वास और सशक्तीकरण के लिए दिल्ली पुलिस के प्रयासों की सराहना की।
16,520 छात्राओं को दिया गया आत्मरक्षा का प्रशिक्षण
उत्तर जिला पुलिस की परिवर्तन टीम ने 1 जनवरी 2026 से 27 अक्टूबर 2026 तक के अंतराल में व्यापक स्तर पर यह अभियान चलाया। इस अवधि में जिले के 59 स्कूलों और 12 कॉलेजों में कुल 92 आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए गए, जिनके माध्यम से 16,520 छात्राओं को प्रशिक्षित किया गया।
इस अभियान का उद्देश्य केवल शारीरिक सुरक्षा के गुर सिखाना ही नहीं, बल्कि छात्राओं में निर्भीकता और मानसिक मजबूती विकसित करना भी है। उत्तर जिला पुलिस उपायुक्त निहारिका भट्ट के नेतृत्व में संचालित इस पहल का संदेश स्पष्ट है—सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता। दिल्ली पुलिस इस कार्यक्रम के जरिए छात्राओं को हर चुनौती का सामना करने के लिए तैयार कर रही है।